वॉशिंगटन/तेहरान/यरुशलम (ईएमएस)। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच ईरान और इजराइल ने फिलहाल एक-दूसरे पर हमले रोकने के संकेत दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता अंतिम चरण में है और अगले तीन दिनों में इसे अंतिम रूप दिया जा सकता है। रिपोर्टों के अनुसार, हाल के दिनों में इजराइल और ईरान के बीच मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई थी। हालांकि ट्रंप की मध्यस्थता के बाद दोनों देशों ने फिलहाल सीधे हमले रोकने पर सहमति जताई है। इसके बावजूद दोनों पक्षों ने चेतावनी दी है कि यदि उन पर हमला हुआ तो वे जवाबी कार्रवाई करेंगे। इस बीच इजराइल ने लेबनान के दक्षिणी शहर टायर में हवाई हमले जारी रखे हैं। इन हमलों में कई लोगों के मारे जाने और दर्जनों के घायल होने की खबर है। लेबनान स्थित हिजबुल्लाह ने ईरान के समर्थन की सराहना करते हुए कहा है कि तेहरान ने लेबनानी जनता के पक्ष में मजबूती से खड़ा होने का संदेश दिया है। उधर, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार दोनों पायलट सुरक्षित बचा लिए गए हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस ने क्षेत्र में बढ़ती हिंसा पर चिंता जताते हुए ईरान, लेबनान और गाजा में तत्काल युद्धविराम का सम्मान करने की अपील की है। वहीं दुनिया भर की निगाहें अब संभावित अमेरिका-ईरान समझौते पर टिकी हैं, जो पूरे क्षेत्र में शांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। सुबोध/०९-०६-२०२६