क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


:: मारवाड़ी माहेश्वरी प्रगति मंडल द्वारा गीता भवन में आयोजित भागवत ज्ञान यज्ञ में प्रेरक आशीर्वचन, आज मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव :: इंदौर (ईएमएस)। संसार के भौतिक साधनों में कभी सुख-शांति नहीं मिल सकती क्योंकि संसार नश्वर है। परमात्मा का ऐश्वर्य ही सर्वोपरि होता है क्योंकि वे शाश्वत और सनातन हैं, जिनका अस्तित्व कभी नष्ट नहीं हो सकता। भक्ति तभी सार्थक होगी जब उसमें समर्पण का भाव होगा और स्वार्थरहित निष्काम भक्ति ही सर्वश्रेष्ठ होती है। बालक ध्रुव और प्रहलाद की भक्ति में कोई स्वार्थ नहीं था, इसीलिए उन्हें परमात्मा की प्राप्ति में देर नहीं लगी। वृन्दावन के जगदगुरु गोपेश्वर चैतन्य महाराज ने मनोरमागंज स्थित गीता भवन पर मारवाड़ी माहेश्वरी प्रगति मंडल की मेजबानी में चल रहे श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के दौरान उक्त प्रेरक आशीर्वचन व्यक्त किए। मंगलवार को कथा में ध्रुव चरित्र, प्रहलाद चरित्र एवं वामन अवतार प्रसंगों की संगीतमय व्याख्या की गई, साथ ही वामन अवतार का उत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। कथा के दौरान भजनों और संकीर्तन पर श्रद्धालु झूम उठे। :: दिखावे से दूर, सुनीति के मार्ग से मिलेगी धन्यता :: जगदगुरु चैतन्य महाराज ने कहा कि मानव जीवन में मन और बुद्धि का महत्वपूर्ण स्थान है। जीवन की धन्यता केवल सेवा और सत्कर्मों से ही संभव है। उन्होंने सुरुचि और सुनीति का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारे जीवन में भी इन दोनों में से किसी एक को चुनने के अवसर आते हैं, लेकिन हमेशा याद रखें कि जीवन का परम लक्ष्य सुनीति (अच्छी नीति) के मार्ग पर चलकर ही प्राप्त हो सकता है। भक्ति में पाखंड और प्रदर्शन ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकते। अगर राम और कृष्ण जैसी संस्कारवान संतानें घर-घर में हों, तो कलियुग में भी किसी का अमंगल नहीं हो सकता। प्रगति मंडल के अध्यक्ष रामकिशोर राठी ने बताया कि गीता भवन में जगदगुरु गोपेश्वर चैतन्य महाराज के श्रीमुख से 13 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक कथामृत की वर्षा होगी। कथा श्रृंखला के अंतर्गत आज, 10 जून को प्रभु श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्म का पावन प्रसंग मनाया जाएगा। इसके बाद 11 जून को बाल लीला व गोवर्धन पूजा (56 भोग), 12 जून को महारास व रुक्मणी विवाह और 13 जून को सुदामा चरित्र व व्यास पूजा संपन्न होगी। आगामी रविवार, 14 जून को सुबह 9 बजे पूर्णाहुति, यज्ञ एवं विशेष पूजन के साथ कथा को विश्राम दिया जाएगा। मंगलवार की कथा शुभारंभ के पूर्व प्रगति मंडल के अध्यक्ष रामकिशोर राठी, मंत्री मनोज धूत, व्यवस्था समितियों के संयोजक रामविलास राठी, जगदीश डागा, ओमप्रकाश चांडक, अशोक सोनी, सुमित मेनाणी, विजय मोदानी एवं कैलाश मूंदड़ा ने व्यास पीठ का पूजन किया। विद्वान वक्ता की अगवानी महेंद्र डागा, विष्णु मुछाल, उज्जवल चांडक, अरविन्द करनानी, प्रवीण बिहानी, श्रीकांत तोषनीवाल एवं रामाजुन पलोड़ सहित समाज के प्रबुद्ध जनों ने की।