क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अब शहर के शासकीय एवं निजी विद्यालय भी जल संरक्षण का नया अध्याय लिखेंगे। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मंगलवार को सभी स्कूलों के प्राचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि अब हर स्कूल परिसर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, रिचार्ज शाफ्ट और रिचार्ज पिट का निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाए। आयुक्त सिंघल ने कहा कि जल संरक्षण केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी जिम्मेदारी है। विद्यालय इस दिशा में जनजागरण के सबसे प्रभावी केंद्र हो सकते हैं। उन्होंने प्राचार्यों से कहा कि वे अपने स्कूलों की छतों से गिरने वाले वर्षा जल को बर्बाद न होने दें, बल्कि उसे पाइपलाइनों के जरिए रिचार्ज पिट तक पहुंचाएं। इसके अलावा, जो बोरवेल अब बंद हो चुके हैं, उन्हें भी रिचार्ज पिट में बदलकर भूजल स्तर सुधारने का काम किया जाए। बैठक में निगम के तकनीकी अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को रेन वाटर हार्वेस्टिंग और भूजल पुनर्भरण की बारीकियां समझाईं। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि स्कूलों में होने वाले निर्माण कार्यों में ट्रीटेड जल का ही उपयोग किया जाए। आयुक्त ने प्राचार्यों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को भी इस अभियान से जोड़ें, ताकि जल संरक्षण का यह मंत्र स्कूलों से निकलकर बच्चों के जरिए हर घर तक पहुंचे।