:: सुरक्षा उपकरणों का अभाव, नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करना अब होटल और मॉल संचालकों को भारी पड़ रहा है। संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने मंगलवार को व्यापक अभियान चलाते हुए शहरभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। आयुक्त क्षितिज सिंघल के सख्त निर्देशों के बाद फायर विभाग और भवन अनुज्ञा शाखा की संयुक्त टीम ने 10 होटल, 4 कमर्शियल भवन, 1 रेस्टोरेंट और 1 मॉल को सील कर दिया। अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि शहर के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान जिन भवनों में फायर सेफ्टी उपकरण नदारद मिले या जो उपकरण लगे थे वे भी बंद (खराब) पाए गए, उनके खिलाफ यह कठोर कदम उठाया गया है। निगम का यह अभियान पूर्व में भी जारी था, जिसके तहत अब तक 32 भवनों को सील किया जा चुका है। निगम ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अग्नि सुरक्षा मानकों (फायर सेफ्टी नॉर्म्स) का पालन न करने वाले संस्थानों पर निगम की पैनी नजर है और आने वाले दिनों में यह कार्रवाई और अधिक तेज की जाएगी। निगम ने व्यवसायियों को हिदायत दी है कि वे अपने संस्थानों में सुरक्षा मानकों को तत्काल दुरुस्त करवाएं, अन्यथा उनके खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।