:: वर्षाकाल के मद्देनजर निगम का विशेष अभियान; हादसे टालने के लिए निगम की सख्ती :: इंदौर (ईएमएस)। वर्षाकाल के दस्तक देते ही नगर निगम ने शहर के खतरनाक और जर्जर भवनों पर अपना चाबुक चलाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को इसी क्रम में झोन क्रमांक 11 के मुराई मोहल्ला क्षेत्र में निगम के अमले ने कार्रवाई करते हुए तीन अत्यंत जर्जर भवनों के उन हिस्सों को धराशायी कर दिया, जो बारिश में कभी भी गिरकर बड़ी जनहानि का सबब बन सकते थे। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मानसून को देखते हुए शहर के सभी भवन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के जर्जर भवनों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसी के तहत मंगलवार को निगम की भवन विभाग एवं रिमूवल शाखा की संयुक्त टीम ने वार्ड 55 स्थित इन भवनों पर धावा बोला। वर्षों से खस्ताहाल इन मकानों को लेकर स्थानीय रहवासियों में भी डर का माहौल था, जिसे निगम ने समय रहते कार्रवाई कर दूर कर दिया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वर्षाकाल में किसी भी प्रकार की अनहोनी को टालना उनकी प्राथमिकता है। यह अभियान शहर भर में चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भवन जर्जर या खतरनाक स्थिति में है, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय झोन कार्यालय या निगम के कंट्रोल रूम को दें। सावधानी ही किसी बड़ी दुर्घटना को रोकने का एकमात्र उपाय है। निगम ने जर्जर मकानों के मालिकों को भी चेतावनी दी है कि वे स्वयं अपने खतरनाक हिस्सों को सुरक्षित करें, अन्यथा निगम का बुलडोजर उन पर भी चलेगा।