राज्य
09-Jun-2026
...


:: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने की रहवासियों के जज्बे की सराहना, अन्य कॉलोनियों से की प्रेरणा लेने की अपील :: इंदौर (ईएमएस)। शहर में जारी जल गंगा संवर्धन अभियान के बीच संपत हिल कॉलोनी ने जल संरक्षण की अनूठी मिसाल पेश की है। कॉलोनी के रहवासियों ने मात्र 7 दिनों के भीतर 50 से अधिक रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं रिचार्ज संयंत्र स्थापित कर भूजल स्तर सुधारने की दिशा में एक बड़ा कीर्तिमान रचा है। मंगलवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कॉलोनी का दौरा कर इन कार्यों का अवलोकन किया और रहवासियों की इस पहल को सराहा। इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि जल संरक्षण की सफलता पूर्णतः जनभागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन और कैच द रेन अभियान का असली उद्देश्य तब पूरा होगा, जब शहर का हर नागरिक वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को सहेजने का संकल्प ले। रेन वाटर हार्वेस्टिंग और रिचार्ज पिट वर्षा जल को व्यर्थ बहने से रोकने के सबसे प्रभावी और वैज्ञानिक माध्यम हैं। :: इंदौर को बनाना है वॉटर प्लस के बाद वॉटर सरप्लस :: महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, व्यावसायिक संस्थानों और कॉलोनियों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और रिचार्ज पिट अनिवार्य रूप से बनवाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह इंदौर ने स्वच्छता में देश में नंबर वन का स्थान बनाए रखा है, उसी तरह सामूहिक प्रयासों से शहर जल संरक्षण में भी देश का अग्रणी और वॉटर सरप्लस शहर बन सकता है। संपत हिल कॉलोनी के रहवासियों की यह प्रेरणादायी पहल अब पूरे शहर के लिए एक मॉडल के रूप में सामने आई है। प्रकाश/09 जून 2026