क्षेत्रीय
09-Jun-2026
...


:: नगर निगम और कारवां इंडिया हेरिटेज की पहल; जल गंगा संवर्धन अभियान में बावड़ी का कायाकल्प :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के सदर बाजार स्थित होलकरकालीन बावड़ी, जो कभी अपनी उपेक्षा और बदहाली के कारण आमजन के बीच भूत बावड़ी के नाम से कुख्यात थी, अब संस्कृति के सुरों से गुलजार हो गई है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर निगम इंदौर और कारवां इंडिया हेरिटेज ग्रुप द्वारा यहाँ जश्न-ए-इंदौर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर की ऐतिहासिक जल संरचनाओं के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और उन्हें पुनर्जीवित करना था। सांस्कृतिक संध्या में इंडियाज गॉट टैलेंट के सेमीफाइनलिस्ट शास्त्रीय संगीत समूह ब्लेसिंग ब्लूम ऑरा ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण को सुरमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध इतिहासकार जफर अंसारी ने बावड़ी के गौरवशाली अतीत और इंदौर की समृद्ध विरासत से युवाओं को रूबरू कराया। कथक नृत्यांगनाओं वंशिका और तान्या की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं युवा कवि पलाश ने अपनी कविताओं के जरिए इंदौर की संस्कृति और जल संरक्षण का संदेश दिया। :: साफ-सफाई के बाद बदला बावड़ी का स्वरूप :: गौरतलब है कि नगर निगम इंदौर ने इस जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत इस ऐतिहासिक बावड़ी की न केवल व्यापक स्तर पर सफाई करवाई, बल्कि इसके पुनरुद्धार के साथ सुरक्षा के लिए रेलिंग का निर्माण भी किया है। निगम के इन प्रयासों का ही नतीजा है कि आज यह ऐतिहासिक धरोहर उपेक्षा के अंधेरे से बाहर निकलकर शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभरी है। अब यह स्थान न केवल जल संग्रहण का माध्यम है, बल्कि नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बन गया है।