निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता-नपाध्यक्ष भारती ठाकुर करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है कार्य बालाघाट (ईएमएस). शहर के व्यस्ततम हनुमान चौक और सर्किट हाउस मार्ग क्षेत्र को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा लगभग ढाई करोड़ रुपये की व्यापक कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। नपाध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर सख्त निर्देश दिए। हनुमान चौक क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा बहुआयामी योजना के तहत नाला निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य जारी है। इसी क्रम में नपाध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या घटिया निर्माण पाया गया तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। पुराने जल निकासी मार्गों को किया जा रहा पुनर्जीवित नपाध्यक्ष ने बताया कि हनुमान चौक क्षेत्र में पुराने जल निकासी मार्गों को पुनर्जीवित किया जा रहा है, साथ ही नए डायवर्टेड नालों का निर्माण कर उन्हें स्टेशन क्षेत्र से जोड़ा जा रहा है, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी सुचारू रूप से हो सके। इसके अलावा नालों और नालियों की नियमित सफाई भी सुनिश्चित की जा रही है। गुणवत्ता और जवाबदेही पर जोर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में उपयोग हो रही सामग्री, स्वीकृत डिजाइन और तकनीकी मानकों की नियमित जांच की जाए तथा कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के सभी विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। देरी पर पहले भी लग चुकी है पेनाल्टी नपाध्यक्ष ने बताया कि कार्य में पूर्व में हुई देरी को लेकर नगर पालिका की पीआईसी बैठक में संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये की पेनाल्टी लगाई जा चुकी है। अब कार्य को तय समयसीमा में पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि आगे भी लापरवाही पाई गई तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अंबेडकर मार्ग बनेगा मॉडल रोड नगर पालिका द्वारा खुरसोड़ी से रानी अवंतीबाई चौक तक सडक़ चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसके तहत अंबेडकर मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। सडक़ किनारे तीन मीटर तक शोल्डर विकसित कर इसे सुव्यवस्थित और धूलमुक्त बनाया जाएगा। हनुमान चौक को ऊंचा करने का प्रस्ताव भविष्य की योजना के तहत हनुमान चौक के जलभराव प्रभावित हिस्से को ऊंचा करने का प्रस्ताव भी संबंधित विभाग को भेजा गया है, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण में ये रहे मौजूद इस दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, सभापति समीर जायसवाल, वकील वाधवा, कमलेश पांचे, संगीता खगेश कावरे, पार्षद मनीष नेमा सहित इंजीनियर एवं अधिकारी मौजूद रहे।