सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की कलेक्टर ने की समीक्षा बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना ने मंगलवार को सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग से जुड़ी 250 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई की। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि शिकायतों का जल्द और नियमों के अनुरूप निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सुनवाई के दौरान कलेक्टर ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनका पक्ष सुना और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की। लांजी तहसील के ग्राम बिरनपुर निवासी घनश्याम चौधरी की 324 दिन पुरानी अतिक्रमण शिकायत में पटवारी और राजस्व निरीक्षक की लापरवाही सामने आई। इस पर कलेक्टर ने दोनों की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। खैरलांजी तहसील के ग्राम मिरगपुर निवासी संतोष मेश्राम द्वारा आबादी भूमि के गलत सर्वे की शिकायत 410 दिनों से लंबित थी। कलेक्टर ने पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक से स्थिति की जानकारी लेकर शिकायत को बंद करने के निर्देश दिए। बालाघाट तहसील के ग्राम टेकाड़ी निवासी नवींद्र सिंह ठाकुर की 364 दिन पुरानी सीमांकन शिकायत पर सुनवाई में पाया गया कि जमीन का सीमांकन पहले ही किया जा चुका है। इसके बावजूद शिकायत जारी रखने पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पुन: सीमांकन नहीं होगा और शिकायत बंद करने के निर्देश दिए। मुआवजा के लिए अपात्र पाई गई शिकायतकर्ता लालबर्रा तहसील के ग्राम सोनेवानी की ललिता कुमरे की 300 दिन पुरानी मुआवजा शिकायत में जांच के दौरान पाया गया कि उनका विवाह निर्धारित तिथि से पहले ही हो चुका था, जिससे वे मुआवजा पाने के लिए अपात्र हैं। शिकायत को निरस्त कर दिया गया। अन्य शिकायतों का भी निराकरण बैहर तहसील के रमेश राज झारिया एवं लामता के मनीष की किसान सम्मान निधि से जुड़ी शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। वहीं कटंगी के लेखराम डहरवाल की ऋण पुस्तिका में खसरा नंबर जोडऩे और किरनापुर के कमल बाहे की जमीन पर कब्जा दिलाने संबंधी शिकायतों का भी निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि लंबित शिकायतों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।