09-Jun-2026
...


नरसिंहपुर (ईएमएस)।. जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधार सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष आधार शिविरों का आयोजन कर नागरिकों को उनके गांव के समीप ही आधार अपडेट एवं नवीन आधार कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सहायक प्रबंधक ई-गवर्नेंस श्री ब्रजकिशोर बादल ने बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं में आधार कार्ड की अनिवार्यता को देखते हुए इसका अद्यतन रहना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सोमवार 8 जून को आधार कार्ड के लिए शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से कुल 232 नागरिकों के आधार अपडेट किए गए एवं नए आधार कार्ड बनाए गए। उन्होंने बताया कि आयोजित शिविरों के माध्यम से 142 नागरिकों के आधार में बायोमेट्रिक अपडेट, 7 नागरिकों के डेमोग्राफिक अपडेट तथा 83 नागरिकों के नए आधार कार्ड बनाए गए। ये शिविर ग्राम पंचायत नयाखेड़ा, सूरवारी, गोहचर, पुरगुवा, बहोरीपार कला, बारहाबड़ा एवं आड़ेगांव में आयोजित किए गए, जहां ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने बताया कि आधार सेवाओं को और अधिक व्यापक बनाने के लिए 10 जून को विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत ग्राम करताज, माचामउ, रमखिरिया एवं हिनोतिया के लिए ग्राम पंचायत करताज में, ग्राम पिपरिया, पिपरिया-मुशरान, बासनपानी एवं बौछार के लिए ग्राम पंचायत बासनपानी, ग्राम भामा, भौरा, मदनपुर, मनकापुर, मर्रावन व हीरापुर के लिए ग्राम पंचायत भामा में, ग्राम घाटपिंडरई, झिरीखुर्द व बेलखेड़ा के लिए ग्राम पंचायत घाटपिंडरई में, ग्राम कुदारी, कान्हरगांव, खला, गांगई, चांदनखेड़ा व चोर बरहटा के लिए ग्राम पंचायत गांगई में, ग्राम खिरिया, टेकापार व पिपरियाकला के लिए ग्राम पंचायत खिरिया में और ग्राम बम्होरी, मड़गुला एवं सोकलपुर के लिए ग्राम पंचायत बम्हारीकला में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से न केवल आधार सेवाओं की पहुंच ग्रामीण अंचलों तक सुदृढ़ हुई है।