09-Jun-2026
...


:: जल गंगा संवर्धन अभियान को जन आंदोलन बनाने का लिया संकल्प :: इंदौर (ईएमएस)। जल गंगा संवर्धन अभियान को शहर के कोने-कोने तक पहुँचाने के लिए अब नगर निगम ने सोशल मीडिया और रेडियो की ताकत का सहारा लिया है। इसी कड़ी में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर के प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और आरजे साथियों के साथ एक सार्थक संवाद बैठक का आयोजन किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन के संदेश को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुँचाना था। बैठक में आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया और रेडियो की पहुंच हर वर्ग तक है। उन्होंने उपस्थित इन्फ्लुएंसर्स और आरजे से अपील की कि वे जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) और जल स्रोतों के प्रति जागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। आयुक्त ने कहा कि यदि हम चाहते हैं कि जल संरक्षण केवल एक अभियान न रहकर जन आंदोलन बने, तो इसमें हर प्रभावशाली व्यक्ति का योगदान अनिवार्य है। संवाद के दौरान सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और आरजे साथियों ने निगम के इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपने माध्यमों (वीडियो, रील, रेडियो प्रसारण) से न केवल लोगों को जल बचाने के लिए प्रेरित करेंगे, बल्कि उन्हें जल संरक्षण के वैज्ञानिक तरीकों से भी परिचित कराएंगे। बैठक का सार यही रहा कि जल बचाने का संदेश अब हर घर की आवाज बनेगा। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से भी आग्रह किया है कि वे इस अभियान से जुड़ें और इंदौर को जल संपन्न बनाने में अपना योगदान दें।