राष्ट्रीय
24-Jan-2023
...


नई दिल्‍ली (ईएमएस)। जनवरी में मौसम ने कई रंग दिखाए हैं। साल की शुरुआत कम सर्दी से हुई। फिर धीरे-धीरे शीतलहर ने जोर पकड़ा। छिटपुट बूंदाबांदी और तेज हवाओं ने तापमान को और गिरा दिया। 16 जनवरी को दिल्‍ली के बेस स्‍टेशन सफदरजंग में न्‍यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड से करीब एक दशक का रेकॉर्ड टूट गया। फिर धूप निकलने लगी और पारा चढ़ता रहा। सोमवार को जनवरी में गर्मी ने चार साल का रेकॉर्ड तोड़ दिया। सफदरजंग स्‍टेशन पर 23 जनवरी को अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्‍य से 5 डिग्री ज्‍यादा था। पिछले साल जनवरी में अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा था। चार साल पहले 21 जनवरी 2019 को दिल्‍ली का पारा 28.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार दिल्‍ली में मंगलवार से हल्‍की बारिश के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 20-24 डिग्री के बीच रहेगा। न्‍यूनतम तापमान के 8-9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। आखिर दिल्‍ली में इस सर्द-गर्म मौसम की वजह क्‍या है। साल के पहले दिन दिल्‍ली का न्‍यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिन में ठंड से थोड़ी राहत रही फिर 8 जनवरी को 1.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। 13-14 जनवरी को न्‍यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास झूलता रहा। फिर अचानक से मौसम ने पलटी मारी और पारा लुढ़कने लगा। 16 जनवरी को न्‍यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्‍ली में यह पिछले 10 साल का दूसरा सबसे कम तापमान था। जनवरी 2023 में 9 दिन शीतलहर चली जो एक और रेकॉर्ड है। वीकेंड से दिन के समय धूप निकलने से ठंड कम पड़ी। 23 जनवरी को अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार इसके आगे और बढ़ने का अनुमान है। हालांकि इस बीच दिल्‍ली में हल्‍की बारिश की भी संभावना है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार दिल्‍ली के तापमान में इजाफा पूर्वी हवाओं और साफ आसमान की वजह से हुआ है। अधिकारियों के अनुसार दिल्‍ली में अगले सप्‍ताह तक शीतलहर के कोई आसार नहीं हैं। आईएमडी के एक ऑफिसर ने कहा एक के बाद एक वेस्‍टर्न डिस्‍टरबेंस की वजह से इलाके की हवाएं मुख्‍य रूप से पूर्वी ही रहेंगी इस वजह से शीतलहर की स्थिति की कोई संभावना नहीं है। हालांक‍ि तापमान में उतार-चढ़ाव हो सकता है। वेस्‍टर्न डिस्‍टरबेंस गुजर जाने के बाद हवाएं उत्‍तर-पूर्वी हो जाती हैं और बर्फबारी वाले स्‍थानों से इधर बहने लगती हैं। अनिरुद्ध ईएमएस 24 जनवरी 2023