पीएम मोदी ने की अंग दान करने वाले लोगों के परिवार से की मन की बात नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 99वें एपिसोड को संबोधित किया। इस कार्यक्रम के जरिए हर महीने प्रधानमंत्री देशवासियों से संवाद करते हैं। 3 अक्टूबर 2014 को विजयादशमी के अवसर प्रधानमंत्री मोदी ने ये कार्यक्रम शुरू किया। आखिरी मन की बात कार्यक्रम 26 फरवरी को प्रसारित हुआ था। पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में ऑर्गन डोनेशन पर चर्चा की। पीएम ने ऑर्गन डोनेट करने वाले लोगों के परिवार से बात की। सौराष्ट्र-तमिल संगमम 17 से 30 अप्रैल तक होगा गुजरात में काशी-तमिल संगमम के दौरान काशी और तमिल क्षेत्र के बीच सदियों से चले आ रहे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को सेलिब्रेट किया गया। यूनिटी की इसी अनुभव के साथ अगले महीने गुजरात के विभिन्न हिस्सों में ‘सौराष्ट्र-तमिल संगमम’ होने जा रहा है। सौराष्ट्र-तमिल संगमम 17 से 30 अप्रैल तक चलेगा। सदियों पहले सौराष्ट्र के अनेकों लोग तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में बस गए थे। ये लोग आज भी ‘सौराष्ट्री तमिल’ के नाम से जाने जाते हैं। आज देश में ऑर्गन डोनेशन के प्रति जागरुकता बढ़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आधुनिक मेडिकल साइंस के इस दौर में ऑर्गन डोनेशन किसी को जीवन देने का एक बहुत बड़ा माध्यम बन चुका है। कहते हैं जब एक व्यक्ति मृत्यु के बाद अपना शरीर दान करता है तो उससे 8 से 9 लोगों को एक नया जीवन मिलने की संभावना बनती है। संतोष की बात है कि आज देश में ऑर्गन डोनेशन के प्रति जागरुकता भी बढ़ रही है। साल 2013 में हमारे देश में ऑर्गन डोनेशन के 5 हजार से भी कम केस थे, लेकिन 2022 में ये संख्या बढ़कर 15 हजार से ज्यादा हो गई है। ऑर्गन डोनेशन करने वाले व्यक्तियों एवं उनके परिवार ने वाकई बहुत पुण्य का काम किया है। वंदे भारत एक्सप्रेस की पहली महिला लोको पायलट बनी सुरेखा मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज भारत का जो सामर्थ्य नए सिरे से निखरकर सामने आ रहा है, उसमें बहुत बड़ी भूमिका हमारी नारी शक्ति की है। आपने सोशल मीडिया पर एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव जी को जरूर देखा होगा। सुरेखा जी, एक और कीर्तिमान बनाते हुये वंदे भारत एक्सप्रेस की भी पहली महिला लोको पायलट बन गई हैं। इसी महीने प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा और डायरेक्टर कार्तिकी गोंजाल्विस उनकी डॉक्युमेंट्री ‘एलिफेंट व्हीसपरर्स’ ने ऑस्कर जीतकर देश का नाम रोशन किया है। वैज्ञानिक ज्योतिर्मयी मोहंती को रसायन में मिला विशेष अवार्ड पीएम मोदी ने कहा कि देश के लिए एक और उपलब्धि भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर की वैज्ञानिक बहन ज्योतिर्मयी मोहंती जी ने भी हासिल की है। ज्योतिर्मयी जी को रसायन और केमिकल इंजीनियरिंग के क्षेक्ष् में आईयूपीएसी का विशेष अवार्ड मिला है। इस वर्ष की शुरुआत में ही भारत की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप जीतकर नया इतिहास रचा। नागालैंड में 75 वर्षों में पहली बार दो महिला विधायक जीतकर विधानसभा पहुंची है। इनमें से एक को नागालैंड सरकार में मंत्री भी बनाया गया है, यानि, राज्य के लोगों को पहली बार एक महिला मंत्री भी मिली हैं। कुछ दिनों पहले मेरी मुलाकात, उन जांबांज बेटियों से भी हुई, जो तुर्किए में विनाशकारी भूकंप के बाद वहां के लोगों की मदद के लिए गयी थीं। ये सभी एनडीआरएफ के दस्ते में शामिल थी। उनके साहस और कुशलता की पूरी दुनिया में तारीफ़ हो रही है। पीएम मोदी ने सोलर एनर्जी पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत सोलर एनर्जी के क्षेत्र में जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, वो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। दीव भारत का पहला ऐसा जिला बना है, जो दिन के समय सभी जरूरतों के लिए शत्-प्रतिशत क्लीन एनर्जी का इस्तेमाल कर रहा है। पुणे और दीव उन्होंने जो कर दिखाया है, ऐसे प्रयास देशभर में कई और जगहों पर भी हो रहे हैं। इनसे पता चलता है कि पर्यावरण और प्रकृति को लेकर हम भारतीय कितने संवेदनशील हैं, और हमारा देश, किस तरह भविष्य की पीढ़ी के लिए बहुत जागृत है। दिलीप/ईएमएस, 26 मार्च 2023