व्यापार
20-Nov-2023
...


मुंबई (ईएमएस)। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार लाल निशान के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 139.58 अंक की गिरावट के साथ 65,655.15 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 37.80 अंकों की गिरावट के साथ 19,694.00 पर बंद हुआ। निफ्टी मिड कैप 100, बीएसई स्मॉल कैप और निफ्टी आईटी में मामूली तेजी दर्ज की गई। भारतीय शेयर बाजार की सोमवार को सपाट शुरुआत हुई। ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेतों के कारण प्रमुख इंडेक्स ओपेनिंग से ही लाल निशान में दिखे। बीएसई का 30 शेयरों सूचकांक 0.21 फीसदी की गिरावट के साथ क्लोज हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी में 0.19 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में भारती एयरटेल, विप्रो, एचसीएल तकनीक, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और मारुति लाभ पाने वालों में से थे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनैंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा मोटर्स और जेएसडब्ल्यू स्टील शामिल हैं। वहीं एशियाई बाजारों में, सियोल, शंघाई और हांगकांग हरे निशान में बंद हुए, जबकि टोक्यो निचले स्तर पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजार का मिला-जुला रुख रहा। बता दें कि शुक्रवार को अमेरिकी बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.74 प्रतिशत चढ़कर 81.21 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज डेटा के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 477.76 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची। आशीष दुबे / 20 नवबंर 2023