राज्य
19-Dec-2023
...


लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर भारत में इन ‎दिनों कड़ाके की ठंड शुरु हो गई है। इस बीच लखनऊ मौसम केंद्र ने उत्तर प्रदेश में मंगलवार से ठंड और तेज बढ़ने की संभावना जताई है। लखनऊ मौसम केंद्र द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार से लखनऊ समेत प्रदेश के सभी जिलों में तापमान गिरेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस, तो न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि अब मौसम में बड़ा बदलाव होगा। जहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में भारी गिरावट होगी। गलन बढ़ने के साथ ही कोहरा बढ़ने का भी पूर्वानुमान जताया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान बरेली सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया है। यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। जबकि राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। इसके अलावा दिल्‍ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि यूपी की राजधानी लखनऊ में बर्फीली हवाएं चलने की वजह से लोगों को अब रात और शाम के साथ-साथ दिन में भी सर्दी सता रही है। वहीं सोमवार को बर्फीली हवाएं चलने की वजह से लोग दिन में भी ठंड से कांपते नजर आए। लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, लखनऊ का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, तो न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सि. रहेगा। वहीं बाराबंकी, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर और वाराणसी समेत बलिया चुर्क, बहराइच और प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से लेकर 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। ‎जिन जिलों का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से लेकर 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है उनमें फतेहपुर, बांदा, सुल्तानपुर, फैजाबाद, फुरसतगंज, गाजीपुर, फतेहगढ़, बस्ती, झांसी, उरई और हमीरपुर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से लेकर 9 डिग्री के बीच रहने का पूर्वानुमान है। यहां पर अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से लेकर 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इसके साथ बरेली, शाहजहांपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर और इटावा में न्यूनतम तापमान 5 से 4 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। इन जिलों का अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जबकि आजमगढ़, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, सहारनपुर, बाराबंकी, कन्नौज और हरदोई में अधिकतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। महेश/ ईएमएस 19 ‎दिसंबर 2023