राज्य
27-Dec-2023
...


लखनऊ(ईएमएस)। इन दिनों उत्तर प्रदेश कोहरे के आगोश में है। यहां के कई जिले ऐसे हैं जहां घने कोहरे के कारण ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है। जिसकी वजह से आए दिन दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। 27 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे यूपी के बरेली में 25 मीटर, लखनऊ में 25 मीटर, प्रयागराज में 25 मीटर, वाराणसी में 50 मीटर और झांसी में 200 मीटर दृश्‍यता दर्ज की गई है। ब्रज में कोहरे के कारण हादसों में कासगंज की जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत छह लोगों की मौत हो गई। महिला अधिकारी कुसुम वर्मा कासगंज में डीपीओ (जिला कार्यक्रम अधिकारी) थीं। कन्नौज से कानपुर जाते समय हादसे में उनकी मौत हो गई। इसके अलावा थाना किरावली क्षेत्र में आगरा-जयपुर हाइवे पर महुअर के पास सोमवार रात कोहरे के दौरान हादसे में मेघ सिंह पुत्र मौजी राम निवासी बाग कला किरावली की मौत हो गई। वहीं, कासगंज के सहावर में गन्ना लदी बुग्गी में पीछे से कार घुस गई। इसमें किसान दामोदर की मौत हो गई। पटियाली में पिकअप खड़ी कर शीशा साफ कर रहे शमसाद की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गई। मैनपुरी के भोगांव में राजन बाइक से लौट रहा था कि पीछे से ट्रक की टक्कर से उसकी मौके पर मौत हो गई। फिरोजाबाद के सिरसागंज में निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के पास कोहरे के चलते बाइक मिट्टी के ढेर में घुसने से मलखान सिंह की मौत हो गई। मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी में तीन दिन घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। झांसी में भोर से घना कोहरा, तीखी गलन और शीतलहर का कहर महसूस किया जा रहा है। मंगलवार को शहर के मौसम का सूरत-ए-हाल कुछ ऐसा ही रहा। आठ घंटे तक तनी रही सफेद चादर ने शहर की सूरत बदल दी। सड़कों पर रफ्तार थमी रही। वहीं बाहर से आने वाली सब्जियां देरी से पहुंची। जिससे आढ़तिया हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। वहीं शाम गहरी होते रानी की नगरी झांसी फिर जाड़े में जकड़ गई। मंगलवार को अधिकतम ताप 23 तो न्यूनतम 10 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह चार बजे से घना कोहरा छा गया। घंटे-दर-घंटे इसकी विजीविलटी इतनी कम थी कि 20 मीटर तक देखना मुहाल हुआ। लिहाजा, हाइवेस, नगर की प्रमुख सड़कें, चौक-चौराहों, आजारों में सन्नाटा पसरा रहा। धुंध के अलावा कुछ नजर नहीं आय। सड़कों पर कुछ वाहन धीरे-धीरे लाइट्स ऑन कर आगे बढ़े। कुड़कुड़ाती सर्दी के बीच बच्चे स्कूल तो कामगार दफ्तार पहुंचे। बुजुर्गवारों ने रजाई-कंबल ओढ़कर दिनचर्या शुरू की। सुबह 11.30 बजे घना कोहरा हल्का। 12.30 बजे से शहर पर चहल-पहल नजर आई। जिसका असर व्यापार पर पड़ा। बड़ी मण्डी में सब्जियां देरी से पहुंची। व्यापारियों को इंतजार करना पड़ा। शाम चार बजते ही सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया। पार्क, मॉल, बाजार कुछ देर को गुजलार हुए। शाम सात बजते-बजते चौक-चौराहों पर सन्नाटा खिंचने गया। भरारी फार्म स्थित कृषि मौसम इकाई के वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में न्यूनतम पारे में गिरावट की संभावना है। जिससे कड़ाके की सर्दी महसूस होगी। देश की राजधानी दिल्ली, कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई राज्य घने कोहरे की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और यूपी के अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाया हुआ है। कई जगहों पर विजिबिलिटी 0-50 मीटर तक है। मुंबई से प्रयागराज आने वाली फ्लाइट अचानक कैंसिल कर दी गई। ऐसे में मुंबई से प्रयागराज के सफर की बुकिंग कराके बैठे प्रयागराज के लोगों को परेशान होना पड़ा। मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों को सुबह 1055 बजे दूसरी फ्लाइट पर सवार किया गया। उन्हें बताया गया कि लखनऊ पहुंचने के बाद सभी को प्रयागराज भेजा जाएगा। यह फ्लाइट बेंगलुरु होते हुए रात साढ़े सात बजे लखनऊ पहुंची। इसके बाद लखनऊ से प्रयागराज पहुंचाने की फ्लाइट न मिलने से यात्रियों ने हंगामा कर दिया। प्रयागराज के कारोबारी शौकत अली का कहना है कि मुंबई से लखनऊ की फ्लाइट में सवार कराके वादा किया गया था कि सभी को प्रयागराज पहुंचाया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सुबह और देर रात के कोहरे ने आफत बढ़ा दी है। सुबह के काम बुरी तरह प्रभावित हैं। लोग देर से दफ्तर और प्रतिष्ठानों पर पहुंच रहे हैं। अब यह धीरे-धीरे हल्का होगा लेकिन गलन ज्यादा परेशान करेगी। मंगलवार को भी सुबह घना कोहरा छाया रहा। एक्सप्रेस-वे और हाइवे पर बुरा हाल रहा। अधिकतर वाहन सुरक्षित स्थानों पर खड़े रहे। जबकि बहुत जरूरी वाहन रेंगते रहे। शहर की अंदरूनी सड़कों का भी यही हाल था। यहां बहुत कम वाहन निकले। कोहरा इतना घना था कि पांच से छह फीट ही दृश्यता रही। ऐसे में सड़कों पर चलना खतरे से खाली नहीं था। इन दिनों बाजार देर से खुल रहे हैं। माल और छोटे रेस्टोरेंट का भी यही हाल है। हां, मौसम ने चटपटे खाने का बाजार गर्म कर दिया है। इनकी दुकानों पर सुबह से भीड़ जुट रही है। चूंकि लोग धूप होने के बाद निकल रहे हैं इसलिए चाट-पकोड़ियों का बाजार दोपहर तक चल रहा है। तापमान में कोई बदलाव नहीं है। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा होकर 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक होकर 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 95 दर्ज किया गया है। वीरेन्द्र विश्वकर्मा/ईएमएस/27 दिसंबर 2023