राज्य
03-Mar-2024
...


लखनऊ (ईएमएस)। यूपी में अब सरकार ने समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ, पीआरओ) परीक्षा रद्द कर दी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स अकाउंट में पोस्ट कर इसकी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि अब भर्ती के लिए पुनर्परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा जोकि 6 माह में होगी। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 11 फरवरी 2024 को आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी ((आरओ, पीआरओ) परीक्षा 2023 को निरस्त करने तथा आगामी 06 माह में इसे पुनः कराने के आदेश दिए हैं। परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। वे युवाओं के दोषियों को ऐसी सजा दिलाएंगे जो नजीर बनेगी। गौरतलब है कि कांस्टेबल भर्ती की तरह ही समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी की प्रारम्भिक परीक्षा 2023 में भी पेपर लीक का आरोप लग रहा था। आरओ, एआरओ भर्ती परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 11 फरवरी को कराया गया था। इसके बाद से ही अभ्यर्थी लगातार परीक्षा में पेपर लीक का आरोप लगा रहे थे और इसे रद्द करने की मांग कर रहे थे। इसके बाद सरकार ने पेपर लीक को लेकर अभ्यर्थियों से सबूत मंगाए थे। अब प्रारंभिक परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया गया है और दोबारा परीक्षा कराने के आदेश दिए गए हैं।