राष्ट्रीय
18-Apr-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाकर गुरुवार को वीडियो जारी कर कहा की कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ तथा कांग्रेस का असली डीएनए हैं। राहुल गांधी ने वीडियो संदेश में कहा मेरे प्यारे कार्यकर्ता साथियों आप हमारी पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। मैंने सोचा चुनाव का समय है, मैं आपसे थोड़ी सी सीधी बात कर लूं। ये आम चुनाव नहीं है। ये संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है, जिसमें आप जैसे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं के ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस की सोच और विचारधारा आपके अंदर है, आपकी रगों में हैं। उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र की तारीफ कर कहा कांग्रेस का घोषणपत्र एक बेहतरीन घोषणपत्र है। इसमें हमारी कुछ महत्वपूर्ण गारंटी हैं, गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रुपए, अप्रेंटिसशिप का अधिकार- सभी ग्रैजुएट्स और डिप्लोमा होल्डर्स को एक साल की अप्रेंटिसशिप और एक लाख रुपए। किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी। मनरेगा श्रमिकों का मेहनताना करीब 400 रुपए। कॉन्ट्रैक्ट मजदूरी को खत्म कर देना। 30 लाख सरकारी नौकरियां देना। अग्निवीर योजना को खत्म करना। जीएसटी व्यवस्था को ठीक करना। कांग्रेस नेता ने कहा हमने जनता की बात सुनकर यह घोषणा पत्र तैयार किया है। आप इसके बारे में देश की जनता को बताइए। उन्हें बताइए कि भाजपा हिंदुस्तान की सोच पर हमला कर रही है, हिंदुस्तान की विचारधारा को खत्म कर रही है, संविधान को मिटाने की कोशिश कर रही है।आप सभी को बहुत-बहुत प्यार। नमस्कार, जय हिंद। आशीष दुबे / 18 अप्रैल 2024