मनोरंजन
20-Apr-2024
...


मुंबई (ईएमएस)। दक्षिण भारत के कमाल के अभिनेताओं के सूची ममूटी के नाम के बिना हमेशा अधूरी रहेगी। मलयालम सुपरस्टार ममूटी अपने अभिनय के दम पर ही इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उनके प्रशंसक उनकी आने वाली फिल्मों पर नजर टिकाए बैठे रहते हैं। ममूटी के प्रशंसक उनकी कोई भी फिल्म छोड़ना नहीं चाहते। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ममूटी जल्द ही पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ एक फिल्म में दिख सकते हैं। यह एक थ्रिलर फिल्म होगी, जिसमें दो बड़े सुपरस्टार एक साथ दिखेंगे। कहा जा रहा है कि ममूटी और पृथ्वीराज इस फिल्म में हीरो और विलेन की भूमिका अदा करने जा रहे हैं। इस फिल्म को एक नए निर्देशक द्वारा बनाने की भी चर्चा चल रही है। वहीं, इसका निर्माण एंटो जोसेफ कर सकते हैं। खबर है कि इस फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो 14 साल के लंबे अंतराल के बाद दर्शकों को ममूटी और पृथ्वीराज सुकुमारन को एक साथ देखने का मौका मिलेगा। दोनों ने आखिरी बार एक साथ साल 2010 में काम किया था। वे फिल्म पोक्किरी राजा में नजर आए थे। ममूटी की पिछली फिल्म ब्रह्मयुगम सुपर हिट साबित हुई थी। वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन ने फिल्म द गोट लाइफ में दमदार अभिनय किया था। यह एक सर्वाइवल ड्रामा फिल्म है जिसमें उन्होंने नजीब का किरदार निभाया है। इस फिल्म को लोगों ने खूब पसंद किया था। हाल ही में उनकी हिंदी फिल्म बड़े मियां छोटे मियां भी रिलीज हुई है। पवन/ईएमएस 20 अप्रैल 2024