खेल
20-Apr-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। वेस्टइंडीज के क्रिकेटर निकोलस पूरन आईपीएल में इस बार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पूरन ने लखनऊ सुपरजायंट्स की ओर से खेलते हुए कई अच्छी पारियां खेली हैं। इसके साथ ही जरुरत पड़ने पर टीम की कप्तानी भी की है। पूरन ने वेस्टइंडीज की ओर से लंबे समय तक खेला है पर एक समय ऐसा भी था जब एक हादसे में उनके दोनो ही पैरों में फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद उन्हें डॉक्टरों ने खेल छोड़ने को कहा था। ये वाकया साल 2015 का है तब पूरन 19 साल के थे। पैर फ्रैक्चर होने के कारण वह करीब 18 महीने तक मैदान से दूर रहे थे। ऐसे कठिन समय पर गर्लफ्रेंड एलिसा ने उनका हौंसला बढ़ाया। एलिसा के सहयोग से पूरन का मनोबल बढ़ा और वह ठीक होने लगे। पूरन ने खुलासा सोशल मीडिया में किया था। पूरन ने साल 2020 में एलिसा से शादी की। इसके बाद उनका करियर तेजी से आगे बढ़ने लगा। इस सत्र में पूरन ने लखनऊ की ओर से अच्छा प्रदर्शन करते हुए 6 मैचों में 223 रन बनाए हैं। उनका सबसे अधिक स्कोर 74 नाबाद रहा है। गिरजा/ईएमएस 20 अप्रैल 2024