राष्ट्रीय
20-Apr-2024
...


गुरुग्राम (ईएमएस)। शराब पीने में गुरुग्राम के लोगों का कोई सानी नहीं है। हालिया आंकड़े बताते हैं कि गुरुग्राम के लोग 6 हजार करोड़ की शराब पी गए हैं। एक्साइज विभाग के आंकड़ों का आकलन है कि पिछले 10 महीने के दौरान गुरुग्राम के लोगों ने 6 हजार करोड़ की शराब पी है। 2023-24 में एक्साइज विभाग की टैक्स की बात की जाए तो इसमें 70 फीसदी का इजाफा हुआ है। इस साल 4 से 5 गुणा तक की शराब की बिक्री होने का अनुमान है। शराब की इस बढ़ती खपत को देखते हुए आने वाले समय में शराब की खपत और रेवेन्यू दोनों में बड़ा इजाफा होने की संभावना है। एक्साइज विभाग के अनुसार जून 2023 से मार्च 2024 तक करीब 6 हजार करोड़ की शराब लोगों ने खरीदी है। 2024 में 12 जून को नई एक्साइज पॉलिसी लागू होगी। इसके लिए इस बार चुनाव आयोग से परमिशन लेनी होगी। ऐसे में इस बार पॉलिसी में अधिक बदलाव नजर नहीं आएगा। देश की राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में जैसे ही आप एंट्री करेंगे आपको अहसास हो जाएगा कि आप मॉडर्न मयखानों के शहर में आ गए हैं। जगमगाते मयखाने और बड़े बड़े शोरूमों को मात देते नजर आएंगे। दूधिया रोशनी में नहाए हुए ये मॉडर्न मयखाने बरबस ही अपनी ओर खींचते नजर आएंगे। अगर शहर में शराब के इन शोरूमों की बात की जाए तो ईस्ट जोन में 79 और वेस्ट जोन में 166 वेंडर हैं। एक वेंडर 2 वाइन शॉप ओपन कर सकता है। यदि ईस्ट जोन की बात की जाए तो 2023-24 में इंडियन मेड फोरन लिकर आईएमएफएल का कोटा 86 लाख 97 प्रूफ लीटर था। वहीं सीएल कंट्री लिकर का कोटा पिछले साल 25 लाख 3 हजार 667 प्रूफ लीटर था। हर महीने अगर एक्साइज टैक्स की वसूली की बात की जाए हर माह टैक्स में बढ़ोतरी हुई है। 2023-24 में 1289 करोड़ का एक्साइज टैक्स आया है। वहीं 2022 में 758 करोड़ का टैक्स वसूला गया था। इस प्रकार मौजूदा साल में 70 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वेस्ट जोन में 2022-23 में 1190 करोड़ का टैक्स वसूला गया। वहीं 2023-24 में 1202 करोड़ का टैक्स आया। इस जोन में इंडियन मेड फोरन लिकर का कोटा 90 लाख 45 हजार 606 प्रूफ लीटर रहा। वहीं कंट्री लिकर सीएल का 50 लाख 66 हजार 120 प्रूफ लीटर का कोटा रहा। एक्साइज विभाग के सूत्रों के अनुसार हर साल आने वाले टैक्स से 4 से 5 गुणा तक शराब की बिक्री होती है। यह कॉंट्रेक्टर पर रहता है कि वह शराब किस रेट में बेच रहा है। अनुमान है कि पिछले साल 6 हजार करोड़ तक की शराब जिले भर में बेची गई है। पवन/ईएमएस 20 अप्रैल 2024