राज्य
20-Apr-2024


इन्दौर (ईएमएस) आज 21 अप्रैल को स्वर्ण रथ के रजत सिंहासन पर विराजित भगवान महावीर की समग्र समाज की भागीदारी में दोपहर तीन बजे से भव्य शोभायात्रा कांच मंदिर, इतवारिया बाजार से निकाल महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। शोभायात्रा में में पांच घोड़े, सात बग्घी, महिलाओं के बैंड के साथ ही भजन मंडलियां भी होंगी। यात्रा के तुरंत बाद मार्ग की सफाई व्यवस्था के प्रबंध भी शोभायात्रा संचालन समिति ने किए हैं। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी एवं प्रचार प्रमुख सतीश जैन के अनुसार शोभायात्रा में स्वर्ण रथ के रजत सिंहासन पर प्रभु महावीर विराजित होंगे। शोभायात्रा में पुरुष श्वेत वस्त्रों में एवं महिलाएं केसरिया परिधान में सम्मिलित होंगी। यात्रा कांच मंदिर से मल्हारगंज गोराकुंड, खजूरी बाजार, राजवाड़ा, जवाहर मार्ग होते हुए पुनः कांच मंदिर पर 5.30 बजे तक पहुंचेगी, यहां संतों के प्रवचन होंगे। श्रीजी का अभिषेक शाम छह बजे किया जाएगा। सूर्यास्त पूर्व वातसल्य भोज भी होगा। प्रमुख संयोजक एमके जैन एवं महामंत्री सुशील पांड्या ने बताया कि सभी जिनालयों पर पचरंगी ध्वज लगाए जाएंगे। रात को सभी मंदिरों में दीपक से आरती की जाएगी। स्वर्ण रथ सारथी कुशलराज जैन, कमलेश जैन होंगे। आनन्द पुरोहित/ 20 अप्रैल 2024