राज्य
20-Apr-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भीषण गर्मी से पहले जू के वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। दिल्ली के चिड़ियाघर में जू प्रशासन ने वन्यजीवों के खानपान को भी बदल दिया है। मांसाहारी जानवरों के खाने में करीब 20 फीसदी की कमी की गई है। वन्यजीवों को ठंडक देने के लिए फव्वारे लगाए गए हैं। हाथी, टाइगर और हिरण समेत अन्य जानवरों के लिए तालाबों में पानी भर दिया गया है। जू के अधिकारी ने बताया कि बिग कैट प्रजाति के जीव शेर, टाइगर, बाघ और तेंदुआ को अब 10 किलोग्राम मांस हर रोज दिया जा रहा है। सर्दियों में 12 किग्रा मांस दिया जाता था। हाथियों को दिए जाने वाले गन्ने और गुड़ को मार्च से बंद कर दिया गया है। अब उन्हें हरा चारा (मक्का, जौ, ज्वार) खिलाया जा रहा है। भालू, बंदर, हिरण और ताड़ बिलाव को गर्मी से बचाव के लिए खाने में गाजर, अमरूद, चीकू, भुट्टा और नाशपाती दी जा रही है। शेर, बाघ, तेंदुआ, हिरण और ऐमू, शुतुरमुर्ग, रीहा के बाड़ों को ठंडा रखने के लिए फव्वारे लगाए गए हैं। भालू के लिए बर्फ की सिल्ली का इंतजाम भी किया गया है। वन्यजीवों के नाइट होम भी ठंडे रहें, इसके लिए इनमें ग्रीन नेट लगाए गए हैं। बंदर, हिरण और बिग कैट प्रजाति के जीव (शेर, टाइगर आदि) के बाड़ों में कूलर, पंखे और एग्जॉस्ट फैन लगाए गए हैं। हाथी को हर दिन 2 से 3 बार नहलाया जाता है। इसी प्रकार टाइगर को कम से कम एक बार जरूर नहलाया जा रहा है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/20/ अप्रैल /2024