राज्य
23-Apr-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। मेट्रो में झगड़ा, आपत्तिजनक हरकत, और रील बनाने और उसे प्रसारित करने के मामले थम नहीं रहे हैं। मेट्रो में झगड़े व मारपीट के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इस क्रम में मेट्रो में सीट न मिलने को लेकर झगड़े का एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में दिख रहा है कि मेट्रो में सीट नहीं मिलने और किसी पुरुष यात्री द्वारा सीट नहीं छोड़ने पर महिला एक यात्री की गोद में बैठ गई। यह घटना यलो लाइन की है। महिला को समयपुर बादली जा रही थी। वीडियो में महिला यात्री कहती है कि हम भी बेशर्म बन जाएंगे। हमें क्या फर्क पड़ता है, आपको फर्क पड़ेगा। वह कायदे कानून पालन करने की बात भी कहती है। उल्लेखनीय है कि सभी कॉरिडोर की मेट्रो में पहला कोच महिलाओं के लिए आरक्षित होता है। इसके अलावा सामान्य कोच में भी महिलाओं के लिए सीट आरक्षित होती है। लेकिन जिस सीट को लेकर झगड़ा हुआ वह महिला के लिए आरक्षित थी या नहीं, वीडियो से पता नहीं चल पा रहा है। एक अन्य मामले में एक महिला यात्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मेट्रो स्टेशन पर एस्केलेटर से प्लेटफॉर्म पर जाने के दौरान एक युवक ने उस पर थूक दिया। वह युवक तंबाकू चबा रहा था या वह नहीं जानती कि क्या था लेकिन उस युवक ने उस पर थूका। वह समझ नहीं पा रही कि इस तरह के लोग क्या सोचते हैं और कोई इतना गंदा कैसे हो सकता है? युवक को अपने किए पर पछतावा भी नहीं था। इस तरह के लोग समाज में रहने के हकदार नहीं हैं। बहरहाल, मेट्रो में थूकने पर जुर्माने का प्रविधान है। लेकिन इस मामले पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) से बात नहीं हो पाई। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/23/ अप्रैल /2024