राज्य
28-Apr-2024
...


शहर में दोहरा अंग प्रत्यारोपण हुआ पहली बार भोपाल (ईएमएस)। प्रदेश के हरदा जिले का रहने वाला युवक सडक दुर्घटना के बाद ब्रेनडेड घोषित कर दिया गया, जिसके बाद उसके परिजनों की सहमति से दो ग्रीन कारिडोर बनाएं गए है। यह दोहरा अंग प्रत्यारोपण इंदौर में पहली बार हुआ। इस 56वें ग्रीन कारिडोर में पांच अंग दान किए गए। जिसमें दिल और फेफड़े अहमदाबाद, एक किडनी चोइथराम अस्पताल और लीवर व एक किडनी का प्रत्यारोपित जूपिटर अस्पताल के ही एक मरीज को किया जा रहा है। मुस्कान ग्रुप पारमार्थिक ट्रस्ट के जीतू बागानी व संदीपन आर्य ने बताया कि छिदगांव जिला हरदा निवासी सुनील राजपूत(24) पिता मुकेश राजपूत का 23 अप्रैल की रात सोडलपुर के पास सड़क हादसा हो गया था। पहले स्थानीय फिर इंदौर के विशेष जूपिटर अस्पताल में भर्ती किया गया। शनिवार सुबह चार सदस्यीय चिकित्सक दल द्वारा पहली बार 7.45 बजे और दूसरी बार दोपहर 1.46 बजे ब्रेन डेथ सर्टिफिकेशन कर ब्रेन डेथ प्रमाणित किया गया। इसके बाद मृतक सुनील राजपूत के परिजनों की अंगदान को लेकर काउंसलिंग की गई। परिजनों की स्वीकृति के बाद ग्रीन कारिडोर की प्रक्रिया शुरू की गई।पहला कारिडोर रात 8.51 बजे बना। दिल और फेफड़े अहमदाबाद पहुंचाने के लिए अस्पताल से एयरपोर्ट 17 मिनट में टीम पहुंची। यहां से चार्टर प्लेन से अंग अहमदाबाद स्थिति निजी अस्पताल भेजे गए। वहीं दूसरा कारिडोर 8.58 बजे चोइथराम अस्पताल तक बना। यहां एक किडनी लेकर एंबूलेंस 7 मिनट में पहुंची। बागानी ने बताया कि एक किडनी और लीवर का प्रत्यारोपण 27 वर्षीय महिला को किया जा रहा है। यह दोहरा अंग प्रत्यारोपण इंदौर में पहली बार हुआ। अहमदाबाद में दिल 40 वर्षीय महिला और फेफड़े 42 वर्षीय पुरुष में प्रत्यारोपित किए जा रहे है। वहीं चोइथराम अस्पताल में किडनी 47 वर्षीय पुरुष में प्रत्यारोपित की जा रही है। सुदामा नरवरे/ 28 अप्रैल 2024