राज्य
28-Apr-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली कैंट थाना इलाके में रविवार तड़के जैगुआर एक्सएफ कार चालक ने कैब को टक्कर मार दी। जिससे कैब चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज एम्स अस्पताल में चल रहा है। दिल्ली कैंट थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार चालक को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली कैंट थाना पुलिस को रविवार तड़के चार बजकर 55 मिनट पर जानकारी मिली थी कि तीन वाहनों की टक्कर हो गई है और तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस कर्मी जब तक मौके पर पहुंचे तब तक घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। पुलिस कर्मी अस्पताल पहुंचे तो वहां पर कैब चालक शकरपुर के हरजीत सिंह समेत तीन लोगों का इलाज चल रहा था। यह कैब उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंद्रापुरम के सतीश शर्मा की है। जैगुआर कार कोहाट एनक्लेव के सुशील पाहवा की है।आरोपितों को पकड़ने के लिए कई टीमें भेजी गईं हैं। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/28/ अप्रैल /2024