राज्य
28-Apr-2024
...


शाजापुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने देवास शाजापुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी महेंद्रसिंह सोलंकी के समर्थन में रविवार को शाजापुर जिले के पोलायकलां में आमसभा को संबोधित किया। बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में कालापीपल विधानसभा सहित शाजापुर जिले के बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। पूरे कार्यक्रम में अबकी बार 400 पार फिर, एक बार मोदी सरकार के नारे गूंज रहे थे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय जोशी ने बताया कि दोपहर 2.45 बजे पोलाय पहुंचे मुख्यमंत्री यादव ने सबसे पहले अपने संबोधन में पोलाय को अपना घर आंगन जैसा बताते हुए कहा कि इस धरती पर कई बार आया और कई रूप में आया। उन्होने शाजापुर जिले की तारीफ करते हुए कहा कि पूरे देश में मालवा और मालवा में शाजापुर जिला एक ऐसा जिला है जहां से राष्ट्र निर्माण में आहुति देने वाले योद्धा निकलते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने श्रीराम के आमंत्रण को ठुकराकर महापाप किया है, ये कांग्रेस का अहंकार है। कांग्रेस के नेता हमेशा से श्रीराम मंदिर के निर्माण में अड़ंगा लगाते रहे। उन्होंने कभी भी श्रीराम मंदिर की चिंता नहीं की। वे तो श्रीराम मंदिर के नाम पर अपनी राजनीति चलाते रहे, हिन्दु-मुसलमानों के बीच में फूट डालते रहे, लेकिन जब सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आया तो पूरे देश ने उच्चतम न्यायालय के इस निर्णय का स्वागत किया, परंतु सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर भी कांग्रेस पार्टी ने आपत्ति उठाई। ये कांग्रेस की सोच है। कांग्रेस वह पार्टी है जिसके नेताओं ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े कर दिए थे। हमारी आस्था के केंद्र रामसेतु की तोडऩे की योजना बना ली थी, तब पूरे देश के हिंदू एक हुए तो कांग्रेस को अपनी इस योजना को वापस लेना पड़ा। कांग्रेस ने कभी भी देश की चिंता नहीं की, उन्होंने तो सिर्फ एक परिवार को बचाने की चिंता की है। उन्होंने कहा कि पहली बार 2014 में आपने वोट दिया तो देश से आतंकवाद का खत्म किया। आज पूरे देश में शांति है। एकता, अखंडता बरकरार है। दूसरी बार वोट दिया तो 5 साल के अंदर 70 साल से लटके हुए श्रीराम जन्म भूमि मामले पर माननीय सुप्रीम कोर्ट का फैसला भी आ गया और अब भगवान श्रीराम अपने गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं। अब तीसरी बार का वोट मथुरा के लिए डलना चाहिए, ताकि अगले पांच साल में मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण की भी जय जयकार हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हमेशा से देश के जवानों और किसानों को उनका सम्मान दिलाने का काम किया है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमा रेखा पर जाकर जवानों के साथ दीवाली मनाई, पटाखे चलाए, किंतु यह काम कांग्रेस की सरकारों में कभी नहीं हुआ। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ जब किसानों के लिए 6 हजार रुपए महीना सीधा उनके खाते में भिजवाए गए। केन्द्र और राज्य सरकार के माध्यम से 10 हजार रुपये की राशि किसानों को सम्मान निधि के रूप में दी गई। हमारी सरकार लगातार किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने 100 दिनों के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। /ईएमएस / 04/28/2024