ट्रेंडिंग
29-Apr-2024
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। भारत में मौसम का भी अपना रंग हैं। यहां कहीं झुलसाने वाली गर्मी होती है तो कहीं बर्फबारी जानलेवा हो जाती है। इस वक्त भी कुछ इसी तरह का मौसम अपना रंग दिखा रहा है। करीब आधा भारत भीषण गर्मी,लू से झुलस रहा है तो पूर्वोत्तर के हिमालयी क्षेत्रों में बारिश, बर्फभारी हो रही है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रचंड गर्मी से राहत को मिली है, लेकिन तेज आंधी के साथ पानी और ओलावृष्टि का सामना करना पड़ रहा है। देश के पूर्वी, मध्य और दक्षिण इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय इलाकों में पिछले 15 दिनों से ही लू की स्थिति बनी हुई है। इस समय दोनों राज्यों के कई इलाके प्रचंड गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए झारखंड और ओडिशा में लू और भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, कर्नाटक के आंतरिक इलाके, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, केरल के अलग-अलग इलाकों और महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में भी झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है और लू चल रही है। त्रिपुरा में लू के चलते सभी स्कलों को 1 मई तक बंद कर दिया गया है। देश का आईटी हब बंगलूरू पानी के संकट के बाद प्रचंड गर्मी से झुल रहा है। रविवार को महानगर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 4 डिग्री से भी अधिक है। आईएमडी के बंगलूरू केंद्र के निदेशक सीपी पाटिल ने बताया कि शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। अभी तक बंगलूरू में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है जो 25 अप्रैल, 2016 को दर्ज हुआ था। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में अगले दो दिन कुछ स्थानों पर भारी बारिश, कई स्थानों पर ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के विदर्भ, पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, अरुणाचल समेत पूर्वोत्तर के राज्यों और तटवर्ती आंध्र प्रदेश, केरल के कुछ स्थानों और लक्षद्वीप के कुछ क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें से कई इलाकों में रविवार को गरज के साथ बारिश हुई और कुछ स्थानों पर बिजली भी गिरी। पहाड़ों पर बर्फ गिरे। देश के आधे से अधिक हिस्से में जहां लू चल रही है, वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी से लोग परेशान हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाके बर्फबारी की चपेट में हैं। जम्मू-कश्मीर में तो बर्फबारी के साथ बर्फीला तूफान भी चल रहा है। इसी बदले मौसम के चलते बांदीपोरा में राजदान टॉप पर हुई बर्फबारी में 35 वाहन बुरी तरह फंस गए थे। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने कड़ी मशक्कत के बाद इन वाहनों को सुरक्षित निकाला। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि बर्फबारी और बर्फीले तूफान के चलते ये वाहन फंस गए थे। आईएमडी के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना के कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, बिहार के कई हिस्सों, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के आंतरिक भाग, उत्तरी तमिलनाडु, मराठवाड़ा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले इलाकों में अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वीरन्द्र विश्वकर्मा/ईएमएस 29 अप्रैल 2024