राज्य
29-Apr-2024


-आरक्षण पर शुरू हुए विवाद पर कमलनाथ बोले भोपाल (ईएमएस)। लोकसभा चुनाव 2024 में ओबीसी आरक्षण का मुद्दा छाया हुआ है। इस कारण आरक्षण के मामले पर एक बार फिर सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस और बीजेपी के नेता एक दूसरे को आरक्षण विरोधी बताने में जुटे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि मध्य प्रदेश में पिछड़ा वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण उनकी सरकार ने दिया था। अब चुनावी समय में बीजेपी आरक्षण मामले में कांग्रेस पर झूठा आरोप लगा रही है। कमलनाथ ने अपने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी का चरित्र हमेशा से आरक्षण विरोधी रहा है। मध्य प्रदेश में मेरे मुख्यमंत्री कार्यकाल में अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था। लेकिन लोकतांत्रिक ढंग से चुनी हुई सरकार गिराकर बनी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने षड्यंत्रपूर्वक ओबीसी को मध्य प्रदेश में दिये गये 27 प्रतिशत आरक्षण को समाप्त करा दिया। चुनाव से पहले खुद को बता रहे ओबीसी समर्थक कमलनाथ ने आगे लिखा कि अब लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेता ख़ुद को आरक्षण समर्थक बता रहे हैं और कांग्रेस पर बेबुनियाद झूठे आरोप लगाने की कोशिश कर रहे हैं। जनता को यह सच्चाई बहुत अच्छी तरह से समझना चाहिए कि 1947 में देश की आजादी के बाद से कांग्रेस पार्टी ने ही आरक्षण की व्यवस्था लागू की और समय समय पर इसका दायरा वंचित समुदाय के लिए बढ़ाया। वहीं, भाजपा का चरित्र आरक्षण विरोधी हैं और उन्होंने कभी आरक्षण देने का काम नहीं किया, बल्कि मध्य प्रदेश और अन्य जगहों पर आरक्षण छीना है। इसलिए इस चुनाव में भाजपा के झूठ और पाखंड से सावधान रहिए और सच्चाई का साथ दीजिए। कमलनाथ ने गिनाए 75 साल में किए गए काम भाजपा के जितने भी छोटे-बड़े नेता प्रचार करने आ रहे हैं, सभी कांग्रेस पार्टी द्वारा 75 साल में किए गए उनके कामों का हिसाब मांगते नजर आते हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा नेताओं को जवाब देते हुए बताया कि कांग्रेस ने 75 साल में क्या काम किए हैं। कमलनाथ एक्स पर लिखा कि भाजपा वाले पूछते हैं कि कांग्रेस पार्टी ने 75 साल में शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में क्या किया? उन्हें सच्चाई को जानना चाहिए। आजादी के समय यानी 1947 में भारत में साक्षरता की दर 18 प्रतिशत थी जो वर्ष 2023 में बढक़र 77.7 प्रतिशत हो चुकी है। आजादी के समय देश में 27 विश्वविद्यालय थे, आज इनकी संख्या 1100 से अधिक है। आजादी के समय भारत में गिने चुने इंजीनियरिंग कॉलेज थे, लेकिन आज भारत में दुनिया के सबसे अधिक प्रशिक्षित इंजीनियर तैयार होते हैं। पंडित नेहरू के समय में स्थापित किए गए आईआईटी आज भी भारत के सर्वश्रेष्ठ और दुनिया के सबसे बेहतरीन इंजीनियरिंग कॉलेज में शामिल हैं। आजादी के तुरंत बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने एम्स की स्थापना की। आज भी एम्स भारत का सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा संस्थान है। आज दुनिया के सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर भारत में तैयार होते हैं। कांग्रेस सरकार ने इसरो की स्थापना की ताकि अंतरिक्ष की दुनिया में भारत अपना मुकाम हासिल करे। आज इसरो भारत ही नहीं, दूसरे देशों के लिए भी सैटेलाइट लॉन्च करता है। विनोद/ 29 अप्रैल 24