राष्ट्रीय
29-Apr-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली से हज यात्रियों का पहला जत्था 9 मई को रवाना होगा। दिल्ली से हज के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए तमाम तरह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां के अनुसार हज यात्रा 2024 अगले महीने की 25 तारीख तक जारी रहेगी। पहले चरण में दिल्ली से कुल 16,500 हज यात्री रवाना होंगे, जिनमें अन्य राज्यों सहित दिल्ली के भी 3200 हज यात्री शामिल हैं। हज यात्रा से पहले कल रविवार को जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय के कन्वेंशन हॉल में हज प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया है। जहां दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने हज पर जाने वाले यात्रियों को मुबारकबाद दी और उन्हें हज यात्रा से संबंधित जानकारियां दी। उन्होंने कहा कि, पिछले साल की तरह इस साल भी हज यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली स्टेट हज कमेटी द्वारा यात्रियों के ठहरने के लिए दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में वातानुकूलित हज कैंप बनाए जा रहे है। इसके लिए दिल्ली सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व अश्विनी कुमार की अध्यक्षता में पिछले दिनों दिल्ली सचिवालय के सभागार में विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारीयों के साथ हज व्यवस्था बैठक का आयोजन किया था। दिल्ली पुलिस, एमसीडी, दिल्ली स्वास्थ्य निदेशालय इत्यादि के भी अधिकारियों ने भाग लिया था। उन्होंने कहा कि हज यात्रा को पूरी सफलता के साथ पूरा करने के लिए अब तक विभिन्न स्तर पर कई बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, हज कमेटी ऑफ इंडिया, नागर विमानन मंत्रालय और एयरपोर्ट अथॉरिटी की बैठकें शामिल हैं। दिल्ली स्टेट हज कमेटी ने हज मंजिल मस्जिद दरगाह फैज इलाही, रामलीला मैदान और आईजीआई एयरपोर्ट पर दिल्ली स्टेट हज कमेटी की ओर से की जाने वाली सभी प्रकार की सुविधाओं को उच्च स्तर पर मुहैया कराने का प्रबंध कर लिया है। हज यात्रियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। संदीप सिंह/ देवेंद्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/29/अप्रैल/2024