राज्य
30-Apr-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। रोगों की रोकथाम के लिए दिल्ली में चलाए जा रहे विशेष टीकाकरण अभियान के तहत 40 हजार से अधिक बच्चों व युवाओं का वैक्सीनेशन किया गया है। इसमें निमोनिया, खसरा, मम्स और रूबेला, टिटनस, डिप्थीरिया सहित दूसरे रोगों के टीके शामिल हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि रोगों की रोकथाम में टीकाकरण सबसे प्रभावी उपाय है। इसकी मदद से भविष्य में होने वाले रोगों को काफी हद तक रोका जा सकता है। शोध बताते हैं कि टीकाकरण के बाद रोग होने की संख्या में तेजी से कमी आई है। इसे देखते हुए दिल्ली में विश्व टीकाकरण जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसमें अलग-अलग सेंटरों पर बच्चों व युवाओं को टीका लगाया गया है। मंगलवार को जागरूकता सप्ताह का अंत होगा। दिल्ली के परिवार कल्याण निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि 24 से 30 अप्रैल तक विश्व टीकाकरण जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान लोगों को जागरूक करने के साथ जरूरतमंद व बच्चों और युवाओं को टीका लगाया जा रहा है। अभियान के तहत 16 हजार बच्चों को निमोनिया का टीका लगाया गया। इसकी मदद से निमोनिया की रोकथाम हो सकेगी। साथ ही खसरा, मम्स और रूबेला से बचाव के लिए 6500 बच्चों को एमएमआर टीका लगाया गया। 5200 बच्चों को एमआर (खसरा व रूबेला) वैक्सीन लगाई गई। डॉक्टरों का कहना कि दस साल से अधिक उम्र के बच्चों व युवकों को भी टिटनस का टीका लगाना जरूरी होता है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/30/ अप्रैल /2024