राष्ट्रीय
30-Apr-2024
...


अहमदाबाद (ईएमएस)| कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन पवन खेडा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत मुश्किल देख अब भाजपा लोगों में डर पैदा करने का प्रयास कर रही है| 10 साल के अपने शासन का रिपोर्ट कार्ड जनता के समक्ष पेश करने के बजाए भाजपा केवल हर दिन विवाद पैदा कर रही है| गुजरात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव गांधी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पवन खेडा ने कहा कि गुजरात हमेशा न्याय की लड़ाई में सबसे आगे रहा है। गुजरात अहंकार को तोड़ना जानता है| कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी ने भारत दौरे की प्रेरणा गुजरात से ली| युवाओं, किसानों, महिलाओं, आदिवासी समाज को समझना ही एक नेता का गुण है। लोगों से बातचीत के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपना न्याय पत्र जारी किया है| उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के 10 साल का रिपोर्ट कार्ड देने के बजाय विवाद पैदा कर रही है| भाजपा ने काम नहीं किया, इसलिए रिपोर्ट कार्ड के नाम पर उसके पास कुछ भी नहीं है| परसोत्तम रूपाला भाजपा के लिए एक समाज से बड़े हो गए हैं| साहब को पता चल गया है कि अब चुनाव जीतना मुश्किल है| लोगों में काफी आक्रोश है, इसलिए अब भाजपा लोगों में डर पैदा कर रही है| उन्होंने कहा कि देश में हर घंटे 2 युवा आत्महत्या कर रहे हैं| एक दिन में 30 किसान आत्महत्या कर रहे हैं| हर घंटे 4 महिलाओं का बलात्कार होता है| महिला सम्मान और महिला सशक्तिकरण की बात करने वाली भाजपा की सहयोगी पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप लग रहे हैं| दिसंबर 2023 में, भाजपा नेताओं ने अमित शाह को पत्र लिखकर पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करने के लिए कहा था| लेकिन मोदी-अमित शाह ने ना सिर्फ गठबंधन बल्कि बलात्कार के आरोपियों के लिए प्रचार भी किया। क्या मोदीजी को हजारों महिलाओं के साथ हुए बलात्कार के बारे में पता था? अगर हां तो जानते हुए भी मंच पर क्यों बैठे? और अगर नहीं जानते तो दुनिया का सबसे बड़ा दुष्कर्म रैकेट कैसे बना? पवन खेडा ने कहा कि आज पूरा देश कांग्रेस के न्याय पत्र की चर्चा कर रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने पांच न्याय के साथ लोगों को 25 गारंटी दी है। युवा न्याय, महिला न्याय, किसान न्याय, श्रम न्याय और भागीदारी न्याय के माध्यम से सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक असमानता को दूर किया जाएगा और लोगों को न्याय दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में स्वीकृत लगभग 30 लाख रिक्तियों को भरेगी। देश के 40 साल से कम उम्र के युवाओं को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए 5000 करोड़ का स्टार्टअप फंड रखा जाएगा| उन्होंने कहा कि साल 2014 में 282 सीटें मिली थीं तो पेट्रोल के दाम आसमान पर पहुंच गए| अब 400 पार की बात हो रही है, तो सोचिए कहां पहुंचेगी कीमत? अब 400 सीटें दो तो संविधान बदलने की बात करते हैं| संविधान पर संकट आया तो सब जेल में होंगे| अमित शाह डीप-फेक वीडियो पर बयान देते हैं लेकिन कानूनी कार्रवाई नहीं करते| आखिर कानूनी कार्यवाही करने से उन्हें कौन रोक रहा है? सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के झूठे वीडियो पोस्ट करने वाले कैबिनेट मंत्रियों पर कब कार्रवाई होगी? आप राहुल गांधी के उन वीडियो के बारे में क्या सोचते हैं जो अक्सर नकली होते हैं? न्याय की दोनों आंखें खुली हो या बंद, हमने तो अंधा कानून सुना है, अब स्थिति काना कानून जैसी है| कानून भाजपा और कांग्रेस के लिए अलग-अलग क्यों काम करता है?