राज्य
01-May-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। मई का महीना का शुरू होते ही देश के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में आ गए हैं। उत्तर भारत के कई राज्यों में दिन पर दिन तापमान बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में लू के प्रभाव का देखा जा रहा है। झारखंड में बढ़ते तापमान और लू को लेकर केजी से लेकर कक्षा 8 तक की कक्षाएं बंद कर दी गई हैं। लू की चपेट में आ जाने से दुमका जिले में दो लोग बेहोश हो गए। इसमें से एक की जान चली गई। इसी खतरे को देखते हुए मौसम विभाग लगातार देश के सभी राज्यों और जिलों के बढ़ते तापमान और लू को लेकर अलर्ट जारी कर रहा है। इन दिनों यूपी, बिहार और झारखंड में आसमान से आग बरस रही है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में लोगों को मौसम से थोड़ी राहत मिली हुई है। सोमवार रात राजधानी दिल्ली- एनसीआर में तेज हवाओं के साथ हल्ली बूंदाबांदी हुई थी। इसके चलते मंगलवार को भी दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दिल्ली के लोगों को इस हफ्ते भी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार (3 मई) तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी। इसके चलते दिन के समय लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत रहेगी। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में 35 से 45 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दिन के समय हल्के बादल भी छाए रहेंगे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के अधिकतम तापमान वाले राज्यों के जिलों और क्षेत्रों का आंकड़ा शेयर किया है। सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक चार्ट शेयर करते हुए बताया कि कोलकाता में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ओडिशा के झारसुगुडा में मंगलवार 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है। ओडिशा के अंगुल जिले में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। झारखंड के जमशेदपुर जिले में मंगलवार को 45.5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। झारखंड के बहरागोड़ा में मंगलवार को सर्वाधिक 47.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/01/ मई /2024