राज्य
05-May-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में दो बच्चों की हत्या का मामला सामने आया है। यह वारदात दिल्ली के केशव पुरम थाना इलाके की है। जहां दो बच्चों की जहर देकर हत्या की गई है। इनमें एक लड़का और लड़की है। बच्चों की हत्या के मामले पर शक की सुई फिलहाल पिता पर है, क्योंकि वारदात के बाद से बच्चों का पिता मौके से फरार है। बच्चों का पिता अपने घर के नीचे परचून की दुकान चलाता है। ऐसा कहा जा रहा है कि दुकान पर ही हत्या को अंजाम दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बच्चों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। एक ही घर में दो बच्चों की हत्या की जानकारी मिलने के बाद घटना स्थल पर पुलिस की टीम पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में पता चला कि एक मृतक लड़के की उम्र 11 साल है, जबकि लड़की की उम्र 13 साल है। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्ट के लिए भेजा है। इस पूरे मामले पर पुलिस के आला अधिकारी समेत फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम मौके पर हैं। सभी संयुक्त रूप से इस पूरे मामले की जांच कर रहें हैं। पुलिस ने कहा कि फरार पिता की तलाश की जा रही है। पिता किधर की ओर गया है। इसके लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहै हैं। जल्द ही पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। तब जाकर पता चलेगी की इन बच्चों को जहर किसने दिया और किसने हत्या की है। प्रथम दृष्ट्या में आरोपी पिता ही लग रहा है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/05/मई /2024