राज्य
05-May-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दिन के समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है। बिहार, झारखंड और राजस्थान में पारा 43 डिग्री के पार बना हुआ है। ऐसे में मौसम विभाग ने गर्मी से थोड़ी राहत के संकेत दिए हैं। दिल्ली-एनसीआर में पहले से ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, अब मौसम विभाग ने बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलो में बारिश होने का अनुमान जताया है। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से 8 मई तक बिहार के ज्यादातर जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 36 से 42 डिग्री के बीच हो सकता है। मधुबनी और शेखपुर समेत कई जिलों में लू भी चल सकती है। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में रविवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। रविवार को दिन के समय हवाएं चलने के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। दिल्ली के साथ ही हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मई महीने के शुरू होते ही देश के कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडु, ओडिशा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भीषण लू चल रही है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस ऊपर है। इन राज्यों में कम से कम 10 स्थानों पर पारा 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/05/मई /2024