क्षेत्रीय
05-May-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में शाम को सनसनीखेज वारदात सामने आई है। करावल नगर के शिव विहार इलाके में राजकुमार नाम के 38 वर्षीय डॉक्टर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। अज्ञात युवकों ने डॉक्टर की हत्या उनके घर के पास की है। डॉक्टर राजकुमार के सीने के बायीं ओर कई बार चाकू से वार किए गए हैं। चाकू से हमला करने के बाद अज्ञात युवक मौके से भाग खड़े हुए। स्थानीय लोगों ने घर के पास खून से लथपथ पड़े डॉक्टर राजकुमार को जीटीबी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि राजकुमार आयुर्वेद के डॉक्टर थे। इस पूरे मामले में करावल नगर में आईपीसी की धारा 302 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि अपराधियों की पहचान और घटना के कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। डॉक्टर की हत्या के बाद से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश का माहौल है। पुलिस से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने कहा कि वह इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। जल्दी ही अज्ञात हमलावरों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जहां अज्ञात युवकों या आपसी रंजिश में किसी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस चाकूबाजी की घटना को रोकने में नाकामयाब साबित हो रही है। पुलिस के प्रति लोगों को रोष बढ़ता जा रहा है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/05/मई /2024