राज्य
06-May-2024
...


उज्जैन (ईएमएस)। मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को उज्जैन लोकसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। वे आलोट, फिर तराना और आखिर में उज्जैन शहर के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मनोरमा गार्डन में महिला मोर्चे के कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव ने सोनिया गांधी, राहुल गाधी और प्रियंका पर तंज कसा और कहा कि ये चुनाव दो मां के बीच में है। एक मां अपने बच्चे के मोह में पार्टी का सत्यानाश कर रही है, वो पार्टी है कांग्रेस। उसको दो ही बच्चे दिख रहे एक बेटी और एक बेटा। पूरी पार्टी जाए भाड़ में। कोई लेना देना नहीं है। उनके बच्चे को प्रधानमंत्री बनाना है। सीएम ने कहा कि जिनके पति प्रधानमंत्री रहे, जिनकी सास, दादी, परनानी ने 55 साल सरकार चलाई, लेकिन पेट नहीं भराया। देश को आजादी चंद्र शेखर और भगत सिंह ने क्रांतिकारियों ने दिलाई देश को आजादी कांग्रेस के अकेले खानदान ने थोड़ी दिलाई, लेकिन ये सत्ता पकडक़र बैठ गए शहंशाह बन गए। राहुल पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा- एक ऐसा राकेट है, जब भी ऊपर उठाओ नीचे गिर जाता है, ऊपर जाता ही नहीं है मनाता ही नहीं है। पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि एक तरफ भारत माता का बेटा जिसने अपनी भारत माता का सम्मान बढ़ाया, जिस दिन उनकी माँ ने शरीर छोड़ा, माँ की अंत्येष्टि हुई और भारत माँ की सेवा करने आ गये। करीब दो घंटे देरी से पहुंचे सीएम मोहन यादव के निशाने पर रहे सोनिया गांधी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी। सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश में जबलपुर में रानी दुर्गावती ऐसी रानी हुई, जिसने जीते जी पूरी ताकत से मुगलों से युद्ध लड़ा और जब उन्हें लगा कि वे शहीद हो सकती है, तो उन्होंने अपने खास सैनिक से कहा मेरा शरीर जीते जी दुश्मनों के हाथ ना लगे इसलिए उन्होंने खुद हाथ से अपने सीने में कटार घोप ली। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सांसद प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने कहा, हमारे प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी ने इस देश का नाम और मस्तक पूरे विश्व में ऊंचा किया है वही नारी शक्ति के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है वहीं महिलाओं के लिए लाडली बहन लाडली लक्ष्मी जैसी अनेक योजनाएं चलाई इससे महिलाओं के जीवन स्तर में काफी सुधार आया है। महिला कार्यकर्ता सम्मलेन में बीजेपी प्रत्याशी अनिल फिरोजिया, बीजेपी नेता जगदीश पांचाल कार्यक्रम को महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया, सभापति कलावती यादव, महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष प्रमिला यादव, योगेश्वरी राठौर, मीना जोनवाल ने भी संबोधित किया।