राज्य
06-May-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली कैंट इलाके में एक युवक ने अवैध संबंध के शक में पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला है। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने घायल महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का केस दर्ज किया है। घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को धौलाकुआं बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राहुल (34) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसे अपनी पत्नी का किसी से अवैध संबंध होने का शक था। उनसे उसकी हत्या करने के नीयत से ही उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। पुलिस अधिकारी का कहना है कि 4 मई को पुलिस को सूचना मिली कि आर्मी पब्लिक स्कूल के पास, ऑफिसर्स मेस के सामने एक महिला लहूलुहान हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को पास के डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया। महिला बयान देने की हालत में नहीं थी। मौके पर क्राइम और फोरेंसिक टीम ने जांच की। मौके से पुलिस को खून से सनी कुल्हाड़ी मिली, जिससे महिला पर हमला किया गया था। महिला की पहचान लक्ष्मी (33) के रूप में हुई। मौके से पुलिस को कोई चश्मदीद नहीं मिला। छानबीन में पता चला कि महिला पर उसके पति राहुल ने हमला किया है। थाना प्रभारी विपिन कुमार और एसआई दीपक तंवर के नेतृत्व में एक टीम गठित कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। संदीप सिंह/ देवेंद्र/ नई दिल्ली/ ईएमएस/06/मई/2024