राष्ट्रीय
08-May-2024


नई दिल्‍ली (ईएमएस)। विरासत टैक्‍स की बात छेड़कर विवाद पैदा करने वाले इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने फिर से ऐसा बयान दे दिया है, इस लेकर चुनावी मौसम में जुबानी लड़ाई तेज हो सकती है। पित्रोदा ने कहा कि पूर्वी भारत के लोग जहां चाइनीज जैसे लगते हैं, वहीं दक्षिण भारतीय अफ्रीकी लगते हैं। इतनी विविधता होने के बावजूद भारत एक है। दरअसल, पित्रोदा भारत की विकासगाथा और सफल लोकतंत्र पर बात करते हुए विवादित टिप्‍पणी की है। उन्‍होंने कहा कि भारत ने पूरी दुनिया में खुद को एक सफल लोकतांत्रिक देश के तौर पर विकसित किया है। पित्रोदा ने कहा कि देश के लोग पिछले 75 वर्षों से बेहतरीन माहौल में एक साथ रहते आ रहे हैं। एक इंटरव्‍यू में उन्‍होंने कहा, ‘हम भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को एक साथ रख सकते हैं, जहां पूर्व के लोग चीनी जैसे दिखते हैं, पश्चिम के लोग अरब जैसे, उत्तर के लोग शायद गोरे जैसे दिखते हैं और दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी जैसे दिखते हैं। इसके बावजूद इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। हम सभी भाई-बहन हैं। कांग्रेस नेता पित्रोदा का यह बयान सामने आने के बाद अब लोकसभा चुनाव के दौरान राजनीति तेज हो गई है। भाजपा ने पित्रोदा पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्‍ता सीआर केसवन ने सैम पित्रोदा को कांग्रेस पार्टी का शकुनी करार दिया है। केसवन ने कहा, ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख (सैम पित्रोदा) की नस्‍लभेदी टिप्‍पणी ने कांग्रेस पार्टी के खतरनाक और विभाजनकारी मानसिकता को उजागर कर दिया है। असम और मणिपुर के सीएम ने कांग्रेस से माफी की मांग की है। मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह ने कहा कि कांग्रेस भारत को धार्मिक आधार पर बांटना चाहती है। आशीष दुबे / 08 मई 2024