क्षेत्रीय
09-May-2024
...


इन्दौर (ईएमएस) मायके से वापस ससुराल जा रही महिला को रिश्तेदार ने फोन पर सुसाइड की धमकी देकर ट्रेन से उतारा और इंदौर लाकर उसके साथ रेप किया। मामले में बताया जा रहा है कि महिला विदिशा जिले के ग्राम तवक्कलपुर स्थित अपने मायके से रत्तवा ग्राम जिला भिंड अपने ससुराल जाने के लिए विदिशा से ट्रैन में बैठी थी। आरोपी ने उसे बीना स्टेशन पर उतरने को मजबूर किया तथा दूसरी ट्रेन से इन्दौर लाकर उसके साथ रेप किया। आरोपी पीड़िता की भाभी का रिश्तेदार हैं। मामला एमआईजी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने पूरी घटना इन्दौर के एमआईजी इलाके में रहने वाली अपनी सहेली को बताई तो उसने उसके पति और परिवार से संपर्क कर उसे उसके ससुराल भिजवा वहां थाने में केस दर्ज कराया था जिसे महिला के बयान के बाद इंदौर पुलिस को ट्रांसफर किया गया। एमआईजी थाना पुलिस के अनुसार सत्ताईस वर्षीया महिला निवासी ग्राम रत्तवा जिला भिंड की शिकायत पर महेन्द्र सिंह कुशवाह के खिलाफ रेप का केस दर्ज हुआ है। आरोपी पीड़िता की ही भाभी का रिश्तेदार है। पीडिता ने पुलिस को दर्ज केस में बताया कि वह बीस अप्रैल को अपने ससुराल से बच्चों को लेकर विदिशा जिले के तवक्कलपुर स्थित मायके गई थी। और तीन दिन बाद ट्रेन से वापस ससुराल आ रही थी। तभी महेन्द्र का कॉल आया। उसने कहा कि तुम मिले बिना क्यों जा रही हो। मुझसे मिलने आओ। नहीं तो मैं सुसाइड कर लूंगा। इसके बाद पीड़िता बीना स्टेशन पर उतर गई। यहां महेन्द्र आया और साथ चलने के लिए कहा। पीहिता ने पहले इनकार किया। लेकिन उसने भरोसा दिलाया कि थोडी देर बाद ससुराल चली जाना। इसके बाद महेन्द्र उसे दूसरी गाड़ी में बैठा इंदौर लेकर आ गया। बातों-बातों में महेंद्र ने उसका मोबाइल भी लेकर अपने पास रख लिया। इंदौर पहुंचने के बाद पीड़िता एमआईजी की एक कॉलोनी में रहने वाली अपनी सहेली के घर आ गई और आरोपी महेन्द्र अपने भाई के घर चला गया। पीड़िता की सहेली दोपहर में जब काम पर गई तब महेन्द्र उससे मिलने के लिए पहुंचा और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर जबरन संबंध बनाए। इसके बाद वह दो-तीन बार और वहां आया और संबंध बनाए। उनतीस अप्रैल को पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए सहेली को महेन्द्र के बारे में बताया। इसके बाद पीड़िता की सहेली ने उसके पति से बात कर उसे तीस अप्रैल को ट्रेन में बैठा पति के पास भेजा और उसने ससुराल के अन्य लोगों को पूरे मामले की जानकारी देते महेन्द्र के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है। आनन्द पुरोहित/ 09 मई 2024