क्षेत्रीय
10-May-2024
...


प्रतापगढ।( ईएमएस )जिले में देल्हूपुर थाना क्षेत्र के चंघईपुर में सोमवार 6 मई 2024 की रात बाइक लूट कर भाग रहे बदमाशों ने चाचा-भतीजे को गोली मार दी थी। बदमाशों की तलाश में चार दिन से पुलिस खाक छान रही थी। शुक्रवार 10 मई 2024 को तड़के स्वाट टीम ने तवकलपुर में अरबाज, मुस्लिम और सद्दाम से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। सभी को मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है।। जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिम भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। बता दें कि देल्हूपुर थाना क्षेत्र के चंघईपुर में युवक से मोबाइल, रुपये व बाइक लूटकर भाग रहे लुटेरों ने सोमवार को चाचा भतीजे को गोली मार दी थी। ग्रामीणों की घेराबंदी से बचने के लिए सात राउंड फायरिंग भी की। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। चंघईपुर निवासी समीर सोमवार की रात करीब आठ बजे घर की ओर जा रहा था। बकुलाही नदी के करीब बाइक सवार चार बदमाशों ने असलहे के बल पर उसे रोक लिया। बदमाश उसकी शादी में मिली नई बाइक, मोबाइल व रुपये लूटकर भाग निकले। पीड़ित ने शोर मचाते हुए ग्रामीण की मदद से लोगों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद आसपास गांव के लोग बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी करने लगे। गांव के प्रधान के परिवार के रोहित सिंह 32 व उनका भतीजा विपिन सिंह 30 अपने घर की ओर जा रहे थे। तभी शोर शराबे के बीच बाइक सवार बदमाश आते दिखे। अचानक बदमाश फायरिंग करने लगे। एक गोली रोहित के गले में लगी और एक गोली विपिन की कमर में जा लगी। ग्रामीणों के अनुसार खुद को फंसा देख बदमाश करीब सात राउंड फायरिंग करते हुए भागने में कामयाब रहे। गोली लगने से घायल रोहित व विपिन को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां दोनों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने एसआरएन रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष देल्हूपुर धनंजय राय ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। चंघईपुर लूटकांड के बदमाश से पुलिस ने मुठभेड , तीनो बदमाशो के पैरों गोली लगने से घायल, चल रहा इलाज प्रमोद कुमार श्रीवास्तव/प्रतापगढ