ट्रेंडिंग
23-May-2024
...


- पाकिस्तान में परीक्षाएं टलीं, हीटवेव से 127 की मौत -एशिया में घातक हीटवेव का यह लगातार तीसरा साल... -मप्र, छग, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में रात में तेज गर्मी पडऩे और तापमान के बढऩे के आसार नई दिल्ली (ईएमएस)। दुनियाभर के कई देश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, थाईलैंड, वियतनाम, माली और लीबिया में तापमान 45 डिग्री पार जा चुका है। अमेरिका के नेशनल ओसियानिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, कई देशों में रात में भी हीटवेव चल रही है। मई में रात का औसत तापमान दिन की तरह बढ़ गया है। साउथ एशिया में हीटवेव की आशंका 45 गुना बढ़ गई है। उधर, पश्चिम एशिया (सीरिया, इजराइल, फिलिस्तीन, जॉर्डन, लेबनान) में यह 5 गुना बढ़ी है। भारत के 9 शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार जा पहुंचा। इजराइल और फिलिस्तीन में जंग की वजह से हीटवेव ज्यादा बढ़ी है। एशिया में घातक हीटवेव का यह लगातार तीसरा साल है। इसकी एक वजह एल नीनो भी है। हीटवेव से एक दिन में 127 लोगों की मैात हो चुकी है। बारिश और बाढ़ से परेशान रहे पाकिस्तान में अब लू चल रही है। मोहनजोदाड़ो में तापमान 48.5 डिग्री तक पहुंच गया है। यह सामान्य से 8 डिग्री ज्यादा है। यहां परीक्षाएं टाल दी गई हैं। 31 मई तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। अस्पतालों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया हैं। वियतनाम में गर्मी की वजह से बड़ी संख्या में मछलियां मर गईं। कई तालाब पूरी तरह सूख गए। सरकार ने लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी है। बांग्लादेश- 26 दिन से हीटवेव, स्कूल बंद बांग्लादेश में लगातार 26 दिन से हीटवेव चल रही है। बुधवार (22 मई) को तापमान 43.8 डिग्री तक जा पहुंचा, जो औसत से 7 डिग्री ज्यादा है। यहां अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। थाईलैंड में भी गर्मी की वजह से 30 से ज्यादा मौतें हो गई हैं। यहां स्कूल बंद कर दिए गए हैं। म्यांमार- अप्रैल से पिछले हफ्ते तक रोज 40 मौतें म्यांमार में अप्रैल से ही हीटवेव शुरू हो गई थी। इससे देश में अप्रैल से 10 मई तक रोज 40 मौतें हुईं। यहां तापमान 48.2 डिग्री तक पहुंच गया है। मैक्सिको के जंगलों में गर्मी की वजह से बंदर पेड़ों से गिरकर मर रहे हैं। जिन इलाकों में बंदरों की मौत हो रही है, वहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। अब तक 138 बंदरों की मौत हो चुकी है। हीटवेव से 26 लोगों की भी मौत हो चुकी है। राजस्थान में पारा 45 डिग्री पार मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में चार दिन के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली और महाराष्ट्र में भी लू का अलर्ट है। कश्मीर में भी सीजन की पहली हीटवेव चली थी। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश छोडक़र हीटवेव के अलर्ट वाले राज्यों के 50 से ज्यादा शहरों में लगातार आठवें दिन तापमान 43 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया है। देश में सबसे गर्म शहर राजस्थान का बाड़मेर रहा। यहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान में आने वाले दिनों में तापमान 50 डिग्री तक पहुंच सकता है। राज्य के 19 शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया। वहीं गर्मी से राजस्थान के बालोतरा जिले की निर्माणाधीन रिफाइनरी में काम कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई। रात का तापमान स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में रात में तेज गर्मी और तापमान बढऩे के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, रात में तापमान अधिक होने से शरीर को ठंडा होने का मौका नहीं मिलता है, जिससे गर्मी संबंधी तनाव बढ़ सकता है। इसका कारण एसी और निजी वाहनों का बढ़ता इस्तेमाल है। इनके उत्सर्जन से गर्मी बनी रहती है। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की स्टडी के मुताबिक, अत्यधिक तापमान से स्ट्रोक के कारण मौत का खतरा बढ़ जाता है। विश्व बैंक के अनुसार, 2030 तक गर्मी संबंधी तनाव के चलते उत्पादकता गिरेगी। दुनिया में 8 करोड़ व भारत में 3.4 करोड़ नौकरियां जाएंगी। प्री-मानसून बारिश 55 फीसदी कम मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बीते सप्ताह, यानी 9 मई से 15 मई के बीच में औसत बारिश के मुकाबले 55 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई। औसतन अभी तक 3.9 मिलीमीटर बारिश हो जाती है, लेकिन अभी तक प्रदेश में सिर्फ 1.8 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मानसून में इस बार अच्छी बारिश के संकेत हैं।