ज़रा हटके
27-May-2024
...


-एक आइसक्रीम की कीमत उडा देगी होश लॉस एंजेलस (ईएमएस)। दुनिया में एक ऐसी आइसक्रीम है, जिसे सिर्फ अमीर आदमी ही अफोर्ड कर सकता है, क्योंकि वो इतनी महंगी है कि उसे खरीदने के लिए शायद गरीब आदमी को लोन लेना पड़े और उसकी कीमत में एक अच्छी खासी कार आ जाए। जापान की आइसक्रीम बनाने वाली कंपनी सिलाटो ने ब्याकुया नाम की आइसक्रीम लॉन्च की है। ये नई प्रोटीन से युक्त आइसक्रीम है जो दुनिया में सबसे महंगी आइसक्रीम बन गई है। इसका वेलवेटी बेस होता है जो दूध से बनता है, दो तरह की चीज़, अंडे का पीला हिस्सा, पड़ता है। इसके अलावा पैर्मिगियानो चीज, व्हाइट ट्रूफल ट्रूफल ऑयल आदि जैसी कई चीजें इस आइसक्रीम में पड़ती हैं। ये आइसक्रीम स्टाइलिश ब्लैक बॉक्स में आती है और इसके साथ एक हाथ से बना एक मेटल स्पून भी दिया जाता है जिसे क्योटो के कुछ क्राफ्ट्समैन उसी तकनीक से बनाते हैं, जिससे मंदिर बनाए जाते हैं।अब जब हमने आइसक्रीम के बारे में सब कुछ बता दिया है तो चलिए आपको इसकी कीमत के बारे में भी बताते हैं। कंपनी की वेबसाइट पर 130 एमएल ब्याकुया आइसक्रीम मिल रही है जिसकी कीमत 6700 डॉलर यानी 5 लाख रुपये से भी ज्यादा है। पहले ये अंदाजा लगाया गया था कि आइसक्रीम के साथ आने वाला चम्मच इतना महंगा है कि आइसक्रीम की कीमत में भी इजाफा कर दिया गया है, पर ऐसा नहीं है, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने बिना चम्मच का हिसाब लगाए ही आइसक्रीम की ये कीमत बताई है। आइसक्रीम बनाने वाली कंपनी का सुझाव है कि इसे व्हाइट वाइन के साथ खाने में ये और स्वादिष्ट लगती है। बता दें कि गर्मी का सीजन अपने चरम पर हैं और मार्केट में तरह-तरह की आइसक्रीम मिलती है। बच्चे हों या बड़े, हर किसी को आइसक्रीम खाना पसंद होता है। आइसक्रीम अलग-अलग कीमतों की होती है, कुछ 5 रुपये की भी मिल जाती हैं और कुछ की कीमत 500 तक चली जाती है। व्यक्ति अपने जेब के हिसाब से आइसक्रीम खा लेता है। सुदामा/ईएमएस 27 मई 2024