राष्ट्रीय
10-Jul-2024
...


मुंबई (ईएमएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से जुड़ा एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। दरअसल रोड पर महिला का एक्सीडेंट हो गया था, तभी वहां से सीएम का काफिला गुजर रहा था। तभी सीएम शिंदे ने इस हादसे के बाद पीड़ित और घायल महिला को रोड पर बैठे देखा और अपने वीआईपी स्टेटस व सुरक्षा की परवाह किए बिना इंसानियत की मिसाल कायम की। सीएम शिंदे ने अपनी कार से खुद उतर महिला की मदद की। वीडियो में दिखा रहा है कि कैसे वे सड़क के पास बनी पटरी पर बैठी परेशान महिला के पास गए हैं और पूछ रहे हैं कि क्या हुआ। आसपास खड़े लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। महिला के साथ अन्य शख्स को भी चोट लगी है। इस बीच एम्बुलेंस आती है जिसमें घायलों को बिठाया जाता है। सीएम इस पूरे समय साथ देखे जा सकते हैं और अधिकारियों को कुछ निर्देश भी दे रहे हैं। वैसे हाल ही में मुख्यमंत्री शिंदे ने वर्ली इलाके में हुई बीएमडब्ल्यू हिट-एंड-रन घटना को लेकर कहा कि इस मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी नेता कितना भी अमीर क्यों न हो, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। आशीष दुबे / 10 जुलाई 2024