अंतर्राष्ट्रीय
31-Jan-2025
...


वॉशिंगटन (ईएमएस)। सौरमंडल के एक बाहरी ग्रह पर वैज्ञानिकों ने सुपरसोनिक जेटस्ट्रीम का पता लगाया है। इसमें हवाओं की रफ्तार 33,000 किमी प्रति घंटे तक पहुंच रही है। इस ग्रह का नाम डब्ल्यूएएसपी-127बी है, जो पृथ्वी से लगभग 500 प्रकाश वर्ष दूर स्थित है। हवाओं की यह गति अब तक की सबसे तेज हवाओं में से एक मानी जा रही है। डब्ल्यूएएसपी-127बी एक विशाल गैसीय ग्रह है, जो बृहस्पति से थोड़ा बड़ा लेकिन कम द्रव्यमान वाला है। इसका पता 2016 में चला था, और अब वैज्ञानिकों ने इसके भूमध्य रेखा पर एक विशाल और तेज हवाओं का बैंड खोजा है, जो हमारे सौरमंडल के गैसीय ग्रहों पर देखने वाली धारियों के समान हैं। चिली में स्थित यूरोपीय साउदर्न ऑब्जर्वेटोरी ( ईएसओ) के विशाल टेलीस्कोप की मदद से वैज्ञानिकों ने इन हवाओं की गति मापी। अध्ययन की प्रमुख लेखिका, एस्ट्रोफिजिसिस्ट लिसा नॉर्टमैन ने बताया कि ग्रह के वायुमंडल के एक हिस्से की गति पृथ्वी की ओर बढ़ रही है, जबकि दूसरा हिस्सा समान गति से दूर जा रहा है, जो इस बात का संकेत है कि ग्रह के भूमध्य रेखा पर एक अत्यंत तेज जेट स्ट्रीम है। डब्ल्यूएएसपी-127बी पर हवाओं की गति 9 किलोमीटर प्रति सेकंड है, जो पृथ्वी पर 5वीं श्रेणी के तूफान की रफ्तार से 130 गुना तेज है। यह नेप्च्यून ग्रह के जेटस्ट्रीम से भी लगभग 18 गुना तेज है, जो 1,800 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकता है। शोधकर्ताओं ने ग्रह के वायुमंडल से गुजरने वाले प्रकाश का विश्लेषण करके इसकी बादलों की संरचना भी निर्धारित की। इस अध्ययन से यह भी पता चला कि डब्ल्यूएएसपी-127बी के बादलों में जलवाष्प और कार्बन डाइऑक्साइड दोनों मौजूद हैं। इसके अलावा, तापमान डेटा से यह खुलासा हुआ कि इस ग्रह के ध्रुवीय क्षेत्र ग्रह के अन्य हिस्सों से ठंडे हैं, और इसके दिन और रात के तापमान में मामूली अंतर पाया गया। सुदामा/ईएमएस 31 जनवरी 2025