नई दिल्ली (ईएमएस)। विक्स वेपोरब हर घर में इस्तेमाल की जाने वाली ओवर-द-काउंटर दवा है, इसका उपयोग आमतौर पर सर्दी-जुकाम, बंद नाक, सिरदर्द और खांसी से राहत पाने के लिए होता है। लोग छाती, पीठ, गले या माथे पर लगाते हैं, जिससे इसकी तेज खुशबू सांस की नली को खोलने में मदद कर राहत देती है। कुछ लोग मांसपेशियों के हल्के दर्द और मच्छरों को भगाने के लिए भी इसका उपयोग करते हैं। हालांकि यह आमतौर पर सुरक्षित मानी जाती है, लेकिन इसके कुछ संभावित नुकसान और सावधानियां भी हैं, जिनके बारे में जानना जरूरी है। विक्स वेपोरब में मौजूद कैम्फर, मेंथॉल और यूकेलिप्टस ऑयल जैसे तत्वों की वजह से यह बच्चों और श्वसन समस्याओं से परेशान लोगों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। विशेष रूप से दो साल से कम उम्र के बच्चों के लिए इसका उपयोग बिल्कुल नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे बच्चों की सांस की नली में सूजन आ जाती है, जो गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है। कुछ लोगों को कैम्फर और मेंथॉल से एलर्जी हो सकती है, जिससे त्वचा में जलन, खुजली या रैशेस हो सकते हैं। इसलिए विक्स वेपोरब को नाक या मुंह के अंदर लगाने से बचना चाहिए और खुले घावों पर इसका उपयोग नहीं करना चाहिए। वहीं विक्स वेपोरब को लेकर कई देशों में विवाद भी है। यूरोपीय यूनियन सहित कुछ देशों ने इसके कुछ संस्करणों पर बैन या प्रतिबंध लगाए हैं। वहां के स्वास्थ्य मानकों के अनुसार विक्स में कैम्फर की मात्रा ज़रूरत से ज्यादा अधिक है, जो शरीर के लिए विषैला हो सकता है। अमेरिका और यूरोप जैसे देशों में ओवर-द-काउंटर उत्पादों को लेकर बेहद सख्त नियम लागू हैं। खासतौर पर बच्चों के लिए इसके उपयोग पर सीमाएं तय की गई हैं। आशीष/ईएमएस 27 अप्रैल 2025