कोलकाता (ईएमएस)। पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह की जमकर प्रशंसा की है। कोच ने कहा कि प्रबंधन ने प्रभुसिमरन पर जो भरोसा दिखाया था। उसपर वह खरे उतरे हैं। इस क्रिकेटर ने अपनी क्षमताएं जाहिर की हैं। प्रभसिमरन ने केकेआर खिलाफ 49 गेंद पर 83 बनाये थे। जोशी ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह सब आत्मविश्वास से जुड़ा होता है। टूर्नामेंट से पहले वह अपनी बल्लेबाजी में बेहतर बनाने में सफल रहा। साथ ही कहा कि मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने बल्लेबाजी कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर जो प्रयास किये थे उसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। प्रभसिमरन ने सीमित ओवरों के प्रारूप में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले साल भी उन्होंने अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी थी पर इस साल वह अधिक परिपक्व हो गए हैं और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ गया है। प्रभसिमरन ने अपनी पारी के दौरान 49 गेंदों में छह चौकों और छह छक्कों की सहायता से 83 रन बनाये। उन्होंने 169.39 के स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए हैं। इस सत्र में अब तक उन्होंने 9 पारियों में 32.44 के औसत से 292 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 83 है। उन्होंने कुल मिलाकर 43 मैचों में उनके 24.37 के औसत और 151.88 के स्ट्राइक रेट से 1,048 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और पांच अर्द्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा है। गिरजा/ईएमएस 28 अप्रैल 2025