फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले की थाना मक्खनपुर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर षड्यंत्रपूर्वक कृषि भूमि का बैनामा कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश बाबू पुत्र स्व. गजाधर सिंह और बब्लू उर्फ गोल्डी पुत्र स्व. गजाधर सिंह के रूप में हुई है। बबलू उर्फ गोल्डी बसपा नेता भी है।दोनों को थाना मक्खनपुर पर पंजीकृत मुकदमे में वांछित अभियुक्त के तौर पर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी 30 अप्रैल 2025 को की गई है। पुलिस के मुताबिक थाना मक्खनपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला द्वारा 28 सितंबर 2024 को थाने में तहरीर दी गई थी कि उसकी कृषि भूमि को आरोपियों ने एक फर्जी महिला को भूमि स्वामी दर्शाकर, कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अपने नाम बैनामा करवा लिया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी पहले भी इस प्रकार की धोखाधड़ी में संलिप्त रहे हैं। वे असली भूमि स्वामी के स्थान पर फर्जी व्यक्ति दिखाकर जालसाज़ी के माध्यम से दस्तावेज तैयार कर, भूमि को हड़पने का प्रयास करते थे। थाना मक्खनपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है। ईएमएस