- 250 पेड़ गिरे, 80 चार पहिया और दो पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए - चार हजार हेक्टेयर से अधिक में फसलें नष्ट हुई नासिक, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के नासिक शहर में दो दिन पहले हुई भारी बेमौसम बारिश से नासिक जिले में नागरिकों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी और व्यापक तबाही हुआ है। भारी बारिश का आलम ये रहा कि 50 मिनट में 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश के कारण शहर की 30 सड़कों पर पानी जमा हो गया। लगभग 250 पेड़ गिर गये। 80 चार पहिया और दो पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिरने से कई इलाकों में पांच से आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा नासिक जिले में बेमौसम बारिश से फसलों पर भारी नुकसान हुआ है। चार हजार हेक्टेयर से अधिक फसलें नष्ट हो गई हैं। सबसे ज्यादा नुकसान प्याज को हुआ है। वहीं अनार, आम, अंगूर और पत्तेदार सब्जियों को भी काफी नुकसान हुआ है। सरकारी स्तर पर पंचनामा का काम चल रहा है। फसलें नष्ट होने से किसानों के बीच निराशा है। जिला कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बेमौसम बारिश के कारण 600 गांवों के 14,000 किसानों को नुकसान हुआ है। पेठ और सुरगाणा तालुका के किसानों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। सुरगाणा तालुका में 4500 और पेठ तालुका में 4800 किसानों को नुकसान हुआ है। संजय/संतोष झा- १३ मई/२०२५/ईएमएस