14-May-2025
...


चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ने मुलाकात कर राष्ट्रपति को दी सफलता की जानकारी नई दिल्ली,(ईएमएस)। आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर को लेकर देशभर में गर्व और उत्साह का माहौल है। इस बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने मुलाकात की और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की जानकारी दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने सशस्त्र बलों की वीरता, रणनीतिक दक्षता और समर्पण की सराहना करते हुए कहा, कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की यह प्रतिक्रिया एक शानदार सैन्य सफलता है, जो देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। तिरंगा यात्रा से देश में जोश का माहौल ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। श्रीनगर से लेकर जामिया मिलिया इस्लामिया और उत्तर प्रदेश तक, हर जगह देशभक्ति की लहर दिखाई दी। दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से तिरंगा यात्रा निकाली। वहीं श्रीनगर में भी बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर सेना के पराक्रम को सलाम किया। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत की संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम बनकर सामने आया है। राष्ट्रपति मुर्मू से लेकर आम नागरिकों तक, पूरे देश ने इस सफलता को गर्व और एकजुटता के साथ स्वीकार किया है। सेना के पराक्रम और जनता की देशभक्ति ने मिलकर एक नया इतिहास रचा है। हिदायत/ईएमएस 14मई25